Home > राज्यो से ,
राहुल बाबा का चश्मा इटैलियन मेड, भारतीय चश्मा पहनें तो दिखेगा बदलता भारत: अमित शाह

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को एक बार फिर हमला किया। रायपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा, आप हमसे पूछते हैं कि हमने क्या किया। आपकी सरकार के समय में आये दिन पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी होती थी। लेकिन अब हमले का जवाब देने के लिए सेना के किसी भी जवान को दिल्ली से आदेश की जरूरत नहीं है। वहां से गोली आती है, यहां से गोला जाता है। ये परिवर्तन बीजेपी सरकार ने किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल बाबा का चश्मा इटैलियन मेड है। वे भारतीय चश्मा पहन लें तो साफ दिखाई देगा कि भारत बदल रहा है।

उरी में आतंकियों ने सोते हुए जवानों पर हमला कर दिया। उनको लड़ने का मौका भी नहीं दिया। इस बार कांग्रेस की सरकार नहीं थी, बीजेपी की सरकार थी। एक दिन अचानक सेना के जवानों ने घुसकर जवानों की मौत का बदला ले लिया। शाह ने कहा कि हमने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी। हमारे ऊपर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा।

नोटबंदी पर शाह ने कहा कि लाइन में लगे लोग परेशान हैं। लेकिन जब शरीर में कोई बीमारी होती है तो उसका ऑपरेशन करना होता है। ऑपरेशन के दौरान दर्द होता है। जिन्होंने अपना काला धन जमा कर दिया है, वो ये ना समझें कि वो बच गये। मोदी जी ने कानून बदल दिया है। अगर अघोषित पैसा पकड़ा गया तो 85 फीसदी पैसा चला जायेगा। काले धन के खिलाफ ये लड़ाई जारी रहेगी। सरकार पीछे हटने वाली नहीं है। हर 15 दिन में एक नई योजना मोदी सरकार लाई है। गरीब के कल्याण के लिये 92 योजनायें मोदी सरकार ने शुरू की हैं।

Share This News :