Home > अपना शहर ,
तानसेन समारोह एवं पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम की तैयारियाँ समय रहते कर ली जाएँ पूर्ण – उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया

सभी कार्यक्रम स्थलों पर महिलाओं के बैठने के लिये हो पृथक व्यवस्था

भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में देश के सर्वाधिक प्रतिष्ठित महोत्सव “तानसेन समारोह” संगीत की नगरी ग्वालियर में इस साल 16 से 20 दिसम्बर तक आयोजित होगा। यह समारोह भारतीय संगीत की अनादि परंपरा के श्रेष्ठ कला मनीषी संगीत सम्राट तानसेन को श्रद्धांजलि व स्वरांजलि देने के लिये पिछले 92 साल से आयोजित हो रहा है। समारोह को पूर्ण गरिमा और भव्यता के साथ सम्पन्न कराने हेतु प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने आज वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

      उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि संगीत के क्षेत्र में ग्वालियर की गौरवशाली परंपरा के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थलों पर समय रहते सभी व्यवस्थायें पूर्ण कर ली जायें। उन्होंने संस्कृति विभाग के अधिकारियों से कहा कि सभी कार्यक्रम स्थलों पर महिलाओं के बैठने की पृथक से व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही हजीरा चौराहा, तानसेन समाधि स्थल तथा गूजरी महल के बाहर गेट लगाए जाएँ, जिन पर कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी अंकित हो। यह सभी गेट कार्यक्रम से एक दो दिन पूर्व लगा दिए जाएँ, ताकि अधिक से अधिक लोग संगीत समारोह का आनंद ले सकें।

      श्री पवैया ने हजीरा पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम स्थल का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान यातायात, पार्किंग, सफाई, लाईट आदि की व्यवस्थायें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने तानसेन समाधि स्थल पर आयोजित होने वाले तानसेन संगीत समारोह की तैयारियों को भी देखा तथा समय रहते सभी व्यवस्थायें पूर्ण करने के निर्देश दिए। श्री पवैया ने गूजरी महल में आखिरी सभा आयोजन स्थल का भी अवलोकन किया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

      उल्लेखनीय है कि तानसेन संगीत समारोह ग्वालियर में 16 से 20 दिसम्बर तक आयोजित होगा। कार्यक्रम की पूर्व संध्या अर्थात 15 दिसम्बर की सायं हजीरा चौराहा पर पूर्वरंग “गमक” का आयोजन होगा। इसके साथ ही 16 दिसम्बर को तानसेन संगीत समारोह में दो विभूतियों को राष्ट्रीय तानसेन अलंकरण से विभूषित किया जायेगा।     20 दिसम्बर को बेहट में आयोजित संगीत सभा के पश्चात सायंकाल गूजरी महल में संगीत की अंतिम प्रस्तुति होगी।

संस्कृति संचालनालय के कार्यक्रम अधिकारी श्री आदेश धूपिया ने बताया कि इस बार के समारोह में कुल 9 संगीत सभायें होंगी। पहली 7 संगीत सभायें सुर सम्राट तानसेन की समाधि एवं मोहम्मद गौस के मकबरा परिसर में सास-बहू (सहस्त्रबाहू) मंदिर की थीम पर बनने जा रहे भव्य एवं आकर्षक मंच पर सजेंगीं। समारोह की आठवीं सभा सुर सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट में झिलमिल नदी के किनारे सजेगी। समारोह की नौवीं एवं आखिरी संक्षिप्त संगीत सभा 20 दिसम्बर को सायंकाल 8 बजे गूजरी महल में आयोजित होगी।

निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त एवं तानसेन समारोह आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री एस एन रूपला, प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी और संस्कृति विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

    

Share This News :