Home > अपना शहर ,
मोहल्ले को भी घर की तरह रखें स्वच्छ – श्रीमती माया सिंह

नगरीय विकास मंत्री द्वारा वार्ड 25 में 19.5 लाख की सीसी रोड़ का लोकार्पण  

स्वच्छता की परीक्षा लेने के लिये भारत सरकार की सर्वे टीम जनवरी माह में ग्वालियर आयेगी । इस परीक्षा में ग्वालियर को प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कराने के लिये शहरवासी आगे आयें । यह तभी संभव होगा, जब हम मोहल्ले को भी अपने घर की तरह साफ और स्वच्छ रखेंगे। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने वार्ड क्रमांक 25 के अन्तर्गत लैदर फक्ट्री के समीप 19 लाख 50 हजार रूपये की लागत के बनाई गई सीमेंट कंक्रीट रोड़ के लोकार्पण अवसर पर कही। इस समारोह की अध्यक्षता महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने की ।

      नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा प्रदेश सरकार ने नगरों के सुनियोजित विकास के साथ-साथ सभी वर्गों के कल्याण के लिये तमाम योजनायें बनाईं हैं। इन योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने और जमीनी हकीकत जानने के मकसद से सभी शहरों में नगर उदय अभियान संचालित किया जायेगा, जिसमें शासन की योजनाओं की जानकारी नागरिकों को उपलब्ध कराने के साथ-साथ जरूरतमंद हितग्राहियों को चिन्हांकित करने का काम भी शिविर लगाकर किया जायेगा।

श्रीमती माया सिंह ने कहा कि ग्वालियर शहर में अगले दो साल के भीतर विकास के नये आयाम स्थापित होंगे । उन्होंने कहा स्मार्ट परिवहन व्यवस्था के साथ अन्य बुनियादी सुविधायें, स्मार्ट सिटी योजना तथा अमृत कार्यक्रम के तहत जुटाई जायेंगी। उन्होंने स्थानीय नागरिकों की माँग पर क्षेत्र में उपयुक्त स्थान पर सामुदायिक भवन बनाए जाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारी इसके लिये स्थान चयन करें।

      महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि ग्वालियर शहर को विकसित शहर बनाने के लिये अमृत योजना के तहत 850 करोड़ की पेयजल योजना व 200 करोड़ लागत की सीवेज ट्रीटमेंट योजना बनाई गई है। इसी तरह कम आय वर्ग के लोगों को नगर निगम 10 हजार नये मकान बनाकर देगा । इनमें से 1100 आवास का आवंटन किया जा चुका है।

      कार्यक्रम के आरंभ में क्षेत्रीय पार्षद श्री धर्मेन्द्र राणा ने स्वागत उद्बोधन दिया एवं वार्ड 25 में हुये विकास कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया । इस मौके पर स्थानीय पार्षद श्रीमती सपना नरवरिया, श्री रामप्रकाश परमार, श्री राजू शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

  

Share This News :