Home > अपना शहर ,
कैसलेस व्यवस्था से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा – केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर

3 करोड़ 74 लाख रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 71 लाख रूपए के

कार्यों का भूमि पूजन कार्यक्रम सम्पन्न

 à¤•ेन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने आज वार्ड क्रं.29 राज्य कर्मचारी आवास कॉलोनी नीडम पहाड़ी पर आयोजित कम्युनिटी हॉल के लोकार्पण कार्यक्रम तथा पार्क की वाउण्ड्रीवॉल एवं सीवर लाईन कार्य का भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद श्री राजाबेटी कंषाना सहित जनप्रतिनिधि एवं नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित थे।

      कार्यक्रम में वार्ड क्रं.29 में 03 करोड़ 74 लाख रूपए के विकास कार्य का लोकार्पण तथा 71 लाख रूपए के विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया। समारोह में केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि नगर निगम द्वारा वार्ड 29 में विकास के कई कार्यों को प्रारंभ किया है। इनके पूर्ण होने से रहवासियों को बेहतर सुविधायें उपलब्ध होंगी।

      केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कालाबाजारी और भ्रष्टाचार को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लागू की गई नोटबंदी का लाभ गरीबों और गाँव को मिल सकेगा। इस व्यवस्था के बाद सभी व्यवसायिक और व्यक्तिगत ट्रांजेक्शन बैंकों के माध्यम से किए जायेंगे, जिसके कारण कालाबाजारी और गलत तरीके से धन एकत्रित करने वाले लोग आयकर के दायरे में आ सकेंगे।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में 125 करोड़ की आबादी वाले इस देश में मात्र 4 करोड़ लोगों द्वारा ही आयकर का भुगतान किया जा रहा है। जिससे सरकार को 8 लाख करोड़ रूपए की आय प्राप्त होती है। जबकि ग्रामीण विकास के लिये ही भारत सरकार को 5 लाख करोड़ रूपए की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नवीन कैसलेस व्यवस्था लागू हो जाने के बाद लगभग साढ़े 8 लाख करोड़ रूपए की अतिरिक्त आय संभावित है। इस राशि का उपयोग सरकार द्वारा गाँव और गरीब के विकास के लिये किया जायेगा। उन्होंने किसान भाईयों से इस नवीन व्यवस्था में अपने पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील भी की।

      उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ ही शहर में विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रारंभ हुए हैं। इसके साथ ही ग्वालियर स्मार्ट सिटी में शामिल होने से विकास की कई परियोजनायें प्रारंभ हो रही हैं, जिससे आगामी दिनों में बेहतर परिणाम हमारे सामने आयेंगे।

      नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि ग्वालियर शहर स्मार्ट सिटी और अमृत परियोजना में शामिल हो गया है। इन दोनों परियोजनाओं के माध्यम से शहर की आवश्यकता के अनुरूप विकास की योजनायें तैयार कर ली गई हैं। इन योजनाओं के पूर्ण होने से हर व्यक्ति को पानी, सीवर, हरियाली और बेहतर यातायात की सुविधायें उपलब्ध होंगी। उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया कि शहर को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने में अपनी भागीदारी करें। 

      कार्यक्रम के प्रारंभ में पूर्व पार्षद श्री मेहताब सिंह ने वार्ड में किए गए कार्यों तथा आवश्यकताओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

Share This News :