Home > अपना शहर ,
शहर को स्मार्ट बनाने के लिए सभी नागरिक करें सक्रिय सहभागिता: श्रीमती माया सिंह

वार्ड 25 में 19.50 लाख की सीसी रोड का लोकार्पण सम्पन्न

ग्वालियर शहर स्मार्ट सिटी योजना में चयनित है तथा शहर में करोडों के विकास कार्य होने हैं, इसलिए अब शहर को स्मार्ट बनाने के लिए सभी शहरवासियों की सक्रिय सहभागिता की आवश्यकता है। उक्ताशय के विचार प्रदेश सरकार की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती मायासिंह ने आज वार्ड 25 में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण अवसर पर मुख्यअतिथि के रुप में व्यक्त किए। इस अवसर पर महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, एमआईसी सदस्य श्री धमेन्द्र राणा, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सपना नरवरिया, पूर्व पार्षद श्री दीवान ंिसह नरवरिया एवं जोनल आफीसर श्री अरविंद चतुर्वेदी सहित बडी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकगण उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि वार्ड 25 के अंतर्गत लेदर फैक्ट्री बस्ती में 19.50 लाख रुपए की लागत से सीमेंन्ट कंक्रीट सडक का निर्माण किया गया है जिसका लोकार्पण आज अतिथियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती मायासिंह ने क्षेत्र के नागरिकों से कहा ग्वालियर शहर स्मार्ट सिटी योजना में चयनित हो चुका है। अब हम सबकी यह सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम अपने शहर को स्मार्ट बनाएं तथा इसके लिए यह भी आवश्यक है कि हमारा शहर देश का नम्बर 1 स्वच्छ शहर हो, इसके लिए सभी को अपने अपने क्षेत्र को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
इस अवसर पर महापौर श्री शेजवलकर ने संबोधित करते हुए कहा कि ग्वालियर शहर में अब तेजी से विकास कार्य होने हैं, तथा सभी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विकास होगा। इसके लिए अब नागरिकों की भी जिम्मेदारी है कि वह अपने-अपने क्षेत्र में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें जिससे पूरा शहर स्वच्छ बन सके। इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत क्षेत्रीय पार्षद द्वारा किया गया तथा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की जानकारी पूर्व पार्षद श्री नरवरिया द्वारा दी गई।

  

Share This News :