Home > अपना शहर ,
शिल्पियों को कला और मेहनत का पूरा दाम मिले यह सरकार के प्रयास – श्री तोमर

केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि हस्तशिल्प के क्षेत्र में काम करने वाले प्रत्येक शिल्पी को उसकी कला और मेहनत का पूरा दाम मिले। यह प्रयास भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा है। शिल्पियों को आर्थिक के साथ-साथ तकनीकी सहायता और सुविधा मुहैया कराने के लिये वस्तु मंत्रालय भारत सरकार द्वारा शिल्पकार पहचान पत्र शिविरों के माध्यम से प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने यह बात हस्सू-हद्दू खाँ सभागार में विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) कार्यालय वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही।

      कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, क्षेत्रीय पार्षद श्री जगत कौरव, विकास आयुक्त कार्यालय के सहायक निदेशक श्री एस आर मसराम, हस्तशिल्प विकास निगम के प्रबंधक श्री डी सी तिवारी, पंजाब नेशनल बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक सहित बड़ी संख्या में हस्तशिल्पी उपस्थित थे।

      श्री तोमर ने कहा कि भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय द्वारा कला के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को चिन्हित कर उनके परंपरागत व्यवसाय और कला को उभारने के लिये उनको चिन्हित करने का देशव्यापी कार्यक्रम संचलित किया जा रहा है। इसके माध्यम से शिल्पियों की पहचान कर उन्हें केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से जोड़ा जायेगा। इन योजनाओं के माध्यम से शिल्पियों को आर्थिक के साथ-साथ तकनीकी सहायता और सुविधा मुहैया कराने का काम सरकार करेगी।

उन्होंने कहा कि ग्वालियर अंचल में पत्थर और कालीन के क्षेत्र में बड़ी संख्या में हस्तशिल्पी कार्यरत हैं। इन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मुहैया कराने के लिये सरकार द्वारा स्टोन पार्क और कालीन पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। कालीन पार्क के निर्माण पूर्ण होने के बाद इस क्षेत्र में कार्य करने वाले कारीगरों को काम का बेहतर माहौल प्राप्त हो सकेगा और वह संगठित रूप से व्यापार कर अधिक से अधिक लाभ कमा सकेंगे। उन्होंने क्षेत्र के परंपरागत कला को जीवित बनाए रखने की आवश्यकता भी बतलाई।

कार्यक्रम में अतिथिगण द्वारा पाँच शिल्पियों को सांकेतिक रूप से पंजीयन कार्ड वितरित किए गए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने ध्रुपद केन्द्र के प्रांगण में बनीं उस्ताद हस्सू खाँ-हद्दू खाँ की मजार पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन श्री डी सी जैन मासूम ने किया।

Share This News :