Home > अपना शहर ,
हम सब संकल्प लें कि हम किसी के अधिकारों का हनन नहीं करेंगे – श्री रूपला

कमिश्नर के मुख्य आतिथ्य में मानव अधिकार आयोग द्वारा जागरूकता संगोष्ठी आयोजित

हम सब यह संकल्प ले कि हम किसी के अधिकारों का हनन नहीं करेंगे। यदि हमारी किसी गतिविधि से किसी दूसरे के अधिकारों का हनन नहीं होता है तो मानव अधिकारों की रक्षा की जरूरत ही नहीं रहेगी। उक्त आशय के विचार संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला ने व्यक्त किए। श्री रूपला मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग शिकायत प्रकोष्ठ (ग्वालियर-चंबल संभाग) द्वारा आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम सह संगोष्ठी में व्यक्त किए।

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सहयोग से यह संगोष्ठी गुरूवार को यहाँ कैंसर अस्पताल परिसर में आयोजित हुई। यह संगोष्ठी अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी, मानव अधिकार आयोग शिकायत प्रकोष्ठ (ग्वालियर-चंबल संभाग) के संयोजक श्री एम के शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एस जादौन तथा डॉ. बी आर श्रीवास्तव मंचासीन थे। कार्यक्रम में नर्सिंग व स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

      संभाग आयुक्त श्री रूपला ने कार्यक्रम में मौजूद प्रतिभागियों का आहवान किया कि हम अपने व्यवसाय व नौकरी के साथ-साथ थोड़ा वक्त जरूरतमंदों की सेवा के लिये जरूर निकालें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में जरूरतमंदों की सेवाओं के लिये तमाम योजनायें व कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। मगर इन योजनाओं की सार्थकता तभी है जब लोगों को इनके बारे में जानकारी हो। हम सभी पढ़े-लिखे लोगों का दायित्व है कि इन योजनाओं की जानकारी जागरूकता कार्यक्रम के जरिए जन-जन तक पहुँचायें।

      नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी ने कहा कि हमें अपनी आजीविका का साधन तय करते समय देश सेवा का संज्ञान भी अपने मन में जरूर रखें। ऐसा करके हम बेहतर ढंग से मानव अधिकारों की रक्षा कर पायेंगे। श्री द्विवेदी ने कहा कि हमें अपने अधिकारों व कर्तव्यों का भलीभाँति ज्ञान होना चाहिए।

      मानव अधिकार आयोग शिकायत प्रकोष्ठ (ग्वालियर-चंबल संभाग) के संयोजक श्री एम के शर्मा ने कहा कि जो योजनायें एवं कानून समाज हित में बनाई गई हैं। उनकी सही सार्थकता तभी है जब समाज को इनका लाभ मिले। इसी तरह स्वास्थ्य सेवायें भी जन-जन तक पहुँचनीं चाहिए।

      संगोष्ठी में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एस जादौन ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं इनसे लाभ लेने की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। नर्सिंग छात्र श्री शरीफ खान व छात्रा कु. रितु एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुश्री रानू छारी ने भी स्वास्थ्य सेवाओं एवं मानव अधिकार पर विचार व्यक्त किए। 

  

Share This News :