Home > अपना शहर ,
कैसलेस व्यवस्था का अधिक से अधिक उपयोग करें – संभाग आयुक्त श्री रूपला

भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई नगद रहित व्यवहारों (कैसलेस) की मुहिम के तहत प्रदेश में भी नगद रहित व्यवहार हेतु अभियान के तौर पर गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। ग्वालियर संभाग में इन गतिविधियों को और प्रभावी रूप से संचालित करने तथा जन-जन को इस अभियान से जोड़ने हेतु संभागीय आयुक्त श्री शिवनारायण रूपला ने भी समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।

      उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को स्वयं तथा अपने अधीनस्थों के लिये डैबिट कार्ड का उपयोग करने की सलाह देने को कहा है। उन्होंने कहा है कि जिन अधिकारी-कर्मचारियों के पास डैबिट कार्ड नहीं हैं वे अपने बैंक के माध्यम से डैबिट कार्ड जारी करा लें और इसे रोजमर्रा की आदत में लाएँ। उन्होंने यह भी कहा है कि सभी अधिकारी-कर्मचारी बैंक द्वारा बताए जा रहे नगद रहित भुगतान प्रक्रिया को समझें और इस पर अमल करें। उन्होंने कहा कि समस्त अधिकारी-कर्मचारी छोटे भुगतान नगद में करने की अपेक्षा डैबिट कार्ड से करने की आदत डालें, ताकि नगद रहित व्यवहार में वृद्धि हो सके।

      श्री रूपला ने संभाग के सभी कलेक्टरों को यह भी कहा है कि शासन संधारित मंदिरों को दान के रूप में मिलने वाली राशि पर भी निगरानी रखी जाए तथा भारत सरकार द्वारा 500 एवं 1000 के बंद किए गए नोट अगर चढ़ोत्री के रूप में आते हैं तो उसकी जानकारी आयकर विभाग को दी जाए।

      उन्होंने समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय, निकाय, निगम, मण्डल, बोर्ड, कृषि एवं सहकारी संस्था आदि में जहाँ दिन-प्रतिदिन नगद राशि का लेन-देन होता है, वहाँ नगद रहित व्यवहार की मुहिम के तहत कैसलेस ट्रांजेक्शन की सुविधा विकसित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ग्वालियर व्यापार मेले में लगने वाली दुकानों, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, लोक सेवा गारंटी केन्द्र, पेट्रोल पंप, गैस एजेन्सी, दवा औषधि दुकानों, चिकित्सकीय संस्थानों, नर्सिंग होम, मल्टीप्लैक्स, सिनेमाघर, आबकारी दुकानों, इलेक्ट्रोनिक बिल, पंजीयक मुद्रक शुल्क आदि स्थानों पर पीओएस मशीन लगाने हेतु माँग पत्र संबंधित बैंक को तत्काल जारी करें। ताकि मशीनें लगाई जाकर कैसलेस ट्रांजेक्शन प्रारंभ किया जा सके। इसके साथ ही जिला प्रशासन 10 दिसम्बर को चेमबर ऑफ कॉमर्स में आयोजित कैसलेस कार्यक्रम में व्यवसाईयों से माँग पत्र लेकर बैंकों से पीओएस मशीन लगाने हेतु प्रोत्साहित करें। इस कार्य का अधिक से अधिक लोग उपयोग करें, इसके लिये निरंतर अभियान चलाया जाए।

Share This News :