Home > अपना शहर ,
किसान महासम्मेलन एवं प्रदर्शनी का आयोजन 10 दिसम्बर को

मुख्यमंत्री द्वारा उज्जैन में दिए जाने वाले उदबोधन का होगा सीधा प्रसारण

किसानों की आय दोगुना किए जाने के लिये जिला रोड़ मैप पर चर्चा हेतु किसान महासम्मेलन का आयोजन 10 दिसम्बर को कृषि महाविद्यालय ग्वालियर के प्रांगण में किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जायेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के ग्रामीण विकास, पंचायतीराज और पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यादव होंगी।

     किसान महासम्मेलन का शुभारंभ प्रात: 10 बजे किया जायेगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह, विधायक भितरवार श्री लाखन सिंह यादव, विधायक डबरा श्रीमती इमरती देवी, विधायक ग्रामीण ग्वालियर श्री भारत सिंह कुशवाह, कृषि स्थायी समिति जिला पंचायत के अध्यक्ष श्रीमती आशा कप्तान सिंह, कृषि उपज मण्डी अध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह गुर्जर उपस्थित रहेंगे।

     उपसंचालक किसान कल्याण एवं कृषि विभाग ने बताया कि सम्मेलन में राष्ट्रीय कृषि बीमा योजना के खरीफ 2015 के बीमा दावा राशि के प्रमाण-पत्र वितरित किए जायेंगे। साथ ही पाँच वर्षों में किसानों की आय दोगुनी किए जाने का जिला रोड़ मैप पर चर्चा एवं तकनीकी प्रशिक्षण वैज्ञानिकों द्वारा दिया जायेगा। कार्यक्रम में दोपहर एक बजे से 02 बजे तक प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा उज्जैन में आयोजित किसान महासम्मेलन में दिए जा रहे उदबोधन का सीधा प्रसारण किया जायेगा। उन्होंने जिले के सभी किसानों से सम्मेलन में उपस्थित होने का आग्रह किया है।

Share This News :