Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
पीएम के सख्त रुख के बाद विजयवर्गीय को लेकर किस नेता ने क्या कहा पढ़ें

आकाश विजयवर्गीय मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सख़्त रुख़ के बाद मध्य प्रदेश के बीजेपी नेता अपनी राय ज़ाहिर करने से बच रहे हैं. पहले कमोबेश सभी ने आकाश का समर्थन किया था.
दिल्ली में बीजेपी संसदीय दल की बैठक में जैसे ही पीएम मोदी ने आकाश के बल्लाकांड पर कहा कि किसी का भी बेटा हो, ऐसा बर्ताव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. à¤ªà¥€à¤à¤® मोदी ने कहा, 'जिन लोगों ने इस मामले में जमानत पर रिहा हुए आकाश विजयवर्गीय का स्वागत किया है, उन्हें पार्टी में रहने का हक नहीं है. सभी को पार्टी से निकाल देना चाहिए.

पीएम का बयान आते ही बीजेपी विधायक आकाश विजयवर्गीय ने मीडिया से दूरी बना ली. वह इंदौर में कार्यकर्ता सम्मेलन में भी नहीं पहुंचे, जबकि पार्टी के सभी विधायक और पदाधिकारी उसमें मौजूद थे.

रमेश मेंदोला- आकाश के पिता और बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के खास समर्थक विधायक रमेश मेंदोला कुछ भी बोलने से बचते रहे. उन्होंने कहा कि मुझे मामले की जानकारी नहीं है. मामला कोर्ट में चल रहा है, इसलिए टिप्पणी करना ठीक नहीं.

मालिनी गौड़- इंदौर की मेयर मालिनी गौड़ ने कहा मुझे मामले की जानकारी नहीं है. मोदी जी के बयान पर क्या टिप्पणी करूं. वो नो कमेंट्स कहकर चली गईं.

विजय शाह - पूर्व मंत्री विजय शाह ने आकाश का बचाव किया. उन्होंने कहा कि आकाश ने एक परेशान महिला कार्यकर्ता के लिए ये कदम उठाया था. घटना क्यों हुई ये भी देखना चाहिए. आकाश ने जो किया वो क्षमा करने लायक है. शाह बोले नए विधायकों को ट्रेनिंग देने की ज़रूरत है.

सुदर्शन गुप्ता- प्रदेश उपाध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता ने कहा कि पार्टी फैसला करे क्या करना चाहिए. आप मेरे वरिष्ठ नेताओं से बात कीजिए. आकाश को पार्टी से निकालने के सवाल पर कहा, नो कमेंट्स.

उमेश शर्मा- बीजेपी नेता और प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा ने कहा कि अभी न्यूज़ देखी नहीं है. मैं देवास में था न्यूज़ देखकर कमेंट कर पाऊंगा.

जीतू जिराती-बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती ने आकाश विजयवर्गीय का बचाव किया. उन्होंने कहा कि आकाश का मामला एक दुर्घटना थी. उसे यहीं खत्म कर देना चाहिए. आकाश ने जनहित में काम किया है. मोदी जी ने जो कहा वो उचित, उस पर टिप्पणी करना नहीं चाहता.

रामेश्वर शर्मा- विधायक रामेश्वर शर्मा आकाश विजयवर्गीय पर बयान देने से बचते नजर आए. इंदौर में सदस्यता अभियान के लिए आए शर्मा ने कहा कि आज केवल सदस्यता अभियान की बात करूंगा.

Share This News :