Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले-मैं इस्तीफा दे दूंगा, तो क्या महाराज जीत जाएंगे

गुना। à¤—ुना-शिवपुरी संसदीय सीट से कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया की हार के बाद पार्टी के नेताओं के पसीने छूट गए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के नेता चुनाव में हार को पचा नहीं पा रहे। उनकी खीझ सामने आ रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विट्ठलदास मीणा से जब इस्तीफा देने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि 'मैं इस्तीफा दे दूंगा, तो क्या महाराज जीत जाएंगे। यदि जीत जाएं तो इस्तीफा देने को तैयार हूं।"

सिंधिया राजघराने के परंपरागत गढ़ को बचाए रखने के लिए कांग्रेस ने खासे प्रयास किए थे। सिंधिया ने पदाधिकारियों को मतदान केंद्र स्तर तक की जिम्मेदारी देते हुए प्रत्येक गांव में 20 पुरुष और 20 महिलाओं को दायित्व सौंपा था। मतदान के बाद उनसे फीडबैक भी लिया था।

पार्टी को उम्मीद नहीं थी कि सिंधिया हार जाएंगे, लेकिन नतीजे ने सबको चौंका दिया। शुक्रवार को राजनीतिक गलियारों में चर्चा रही कि कई जगह कांग्रेस की हार पर पदाधिकारी इस्तीफा दे रहे हैं। ऐसे में गुना कांग्रेस जिलाध्यक्ष इस्तीफा देंगे क्या? इस मसले पर नवदुनिया ने जिलाध्यक्ष विट्ठल दास मीणा से बात की।

मीणा का कहना था कि महाराज (ज्योतिरादित्य सिंंधिया) जनसेवा के लिए चुनाव लड़ते आए हैं। सिंधिया परिवार हमेशा से जनसेवा के लिए काम कर रहा है। चुनाव हारने के बाद भी वे महाराज ही रहेंगे। इस्तीफा देने के सवाल पर मीणा ने कहा कि 'मैं इस्तीफा दे दूंगा, तो क्या महाराज जीत जाएंगे। यदि जीत जाएं तो इस्तीफा देने को तैयार हूं।" उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में महाराज की हार हुई है। इस जनादेश को हम स्वीकार करते हैं। हार की जिम्मेदारी भी मैं लेता हूं। साथ ही कहां चूक हुई है, इसको लेकर शनिवार को बैठक में मंथन करेंगे।

Share This News :