Home > अपना शहर ,
आपसी भाईचारे के साथ मनाएँ मिलाद-उन-नबी व क्रिसमस त्यौहार

शांति समिति की बैठक आयोजित

डीजे बजाना रहेगा प्रतिबंधित  

ग्वालियर की समृद्ध एवं गौरवशाली परंपरा के अनुसार मिलाद-उन-नबी एवं क्रिसमस त्यौहार आपसी भाईचारे और सौहार्द्र के साथ मनाएँ। यह अपील प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति ने जिलेवासियों से की। शांति समि‍ति की बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने संयुक्त रूप से कहा कि इन त्यौहारों के दौरान डीजे बनाना प्रतिबंधित रहेगा। इसके साथ ही त्यौहारों पर निकलने वाले जुलूस आदि की विधिवत अनुमति लेना होगी। जो इसका पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। साथ ही डीजे भी जब्त किए जायेंगे।

      प्रभारी कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि इन त्यौहारों के दौरान निकलने वाले जुलूस सड़क के किनारे और निर्धारित मार्ग पर ही चलें। जुलूसों से सड़क आवागमन बाधित नहीं होना चाहिए। अधिकारी द्वय ने साफ किया कि जुलूस के दौरान वीडियोग्राफी कराई जायेगी। वीडियोग्राफी के माध्यम से ऐसे लोगों और वाहनों को चिन्हित कर कठोरतम कार्रवाई की जायेगी, जो स्टंट कर आम लोगों की जान जोखिम में डालने और यातायात को अनावश्यक बाधित करने की कोशिश में लिप्त पाए जायेंगे। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई कर वाहन चालकों एवं वाहनों के लायसेंस भी निरस्त किए जायेंगे।

      प्रभारी कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को बैठक में निर्देश दिए कि मिलाद-उन-नबी त्यौहार के मद्देनजर प्रमुख मस्जिदों व गिरिजाघरों के आस-पास साफ-सफाई कराएँ। साथ ही नियमित विद्युत सप्लाई मुकम्मल करें। स्ट्रीट लाईट, पेयजल, पहुँचमार्ग एवं यातायात की भी बेहतर व्यवस्था बनाएँ। बैठक में सदस्यों से यह भी आग्रह किया गया कि इन त्यौहारों के दौरान गंदगी सड़क पर न फैले।

      बैठक में बताया गया कि मिलाद-उन-नबी त्यौहार पर शहर की विभिन्न जगहों से निकले जुलूस फूलबाग मैदान पर जमा होंगे। यहीं पर तकरीर सम्पन्न होगी। इसी प्रकार गोरखी प्रांगण एवं कम्पू ईदगाह पर भी प्रवचन और तकरीर होगी। क्रिसमस त्यौहार के तहत 24 दिसम्बर की रात्रि 11.30 बजे से सेंट जोन महा गिरिजाघर फालका बाजार व सेंट पॉल चर्च मुरार में क्रिसमस की प्रार्थना आयोजित होगी। इसी क्रम में 25 दिसम्बर को प्रात: 9 बजे शहर के सभी गिरिजाघरों में भगवान यीशु के जन्म पर प्रार्थना सभाएँ होंगी।

      बुधवार की शाम यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा, अपर आयुक्त नगर निगम श्री आर के श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कुमार प्रतीक व श्री दिनेश कौशल, शहरकाजी अब्दुल हमीद कादिरी, संत कृपाल सिंह, श्री अभय पापरीकर तथा सर्वश्री राजू फ्रांसिस, अख्तर हुसैन कुर्रेशी, कुलवीर भारद्वाज, अमर सिंह माहौर, भूपेन्द्र जैन, डॉ. राजकुमार दत्ता, विनायक गुप्ता एवं समिति के अन्य सदस्यगण व संबंधित अधिकारी मौजूद थे। 

नवागत पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष का शांति समिति में स्वागत

      जिला शांति समिति की बैठक में जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष का शांति समिति के पदाधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया तथा शहर की कानून व्यवस्था को और बेहतर होगी, ऐसी अपेक्षा की। बैठक के प्रारंभ में संत कृपाल सिंह, शहरकाजी अब्दुल हमीद कादिरी ने सदस्यों के साथ पुलिस अधीक्षक को गुलदस्ता भेंट किया तथा शांति समिति की पहली बैठक में उनका स्वागत किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने शांति समिति के सभी पदाधिकारियों का आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि शहर की परंपराओं का पालन करते हुए शांति और अमल के लिये वे और उनका अमला पूरी तरह से समर्पित होकर अपने कार्य को अंजाम देगा।

डॉ. पापरीकर, एड. दर्शन सिंह एवं धर्मवीर सिंह को श्रृद्धांजलि

      शांति समिति की बैठक के अंत में समिति के सभी सदस्यों और अधिकारियों ने शहर के वयोवृद्ध नेता स्व. डॉ. रघुनाथराव पापरीकर, काँग्रेस जिला अध्यक्ष स्व. एड. दर्शन सिंह और ग्वालियर के प्रशासनिक अधिकारी स्व. धर्मवीर सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रृद्धांजलि दी गई।

पुलिस अधीक्षक, प्रभारी कलेक्टर और समिति के पदाधिकारियों ने

शहरवासियों से की शांति और सदभाव की अपील

      प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष और शांति समिति के सभी सदस्यों ने मिलाद-उन-नवी, क्रिसमस और 31 दिसम्बर नववर्ष की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रमों में शांति और सदभाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने शहरवासियों से कहा कि ग्वालियर की शांति और सदभाव की परंपराओं को कायम रखते हुए सभी त्यौहार सदभाव और भाईचारे के साथ मनाएँ। व्यवस्थाओं में पुलिस और प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।

Share This News :