Home > अपना शहर ,
स्क्रब टायफस बीमारी को लेकर पूरा एहतियात बरतें बीमारी के लक्षण मिलने पर तत्काल जिला सर्विलेंस इकाई को दें सूचना

स्क्रब टायफस बीमारी को लेकर पूरा एहतियात बरतने के निर्देश राज्य शासन के स्वास्थ्य संचालनालय द्वारा जारी किए गए हैं। इस तारतम्य में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जिले के सभी निजी नर्सिंग होम, जेएएच के अधीक्षक, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन और जिले के सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यह बीमारी संक्रमित घुन एवं चूहा आदि से होती है। मनुष्यों में यह बीमारी संक्रमित लार्वा के काटने से होती है। मगर मनुष्य से मनुष्य में यह बीमारी नहीं फैलती।

      मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस एस जादौन ने कहा है कि स्क्रब टायफस बीमारी के लक्षण पाए जाने पर तत्काल संदिग्ध मरीज की सूचना जिला सर्विलेंस इकाई (आईडीएसपी), आईडीएसपी कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रं. 0751-2446000 पर अनिवार्यत: दी जाए। साथ ही इस बीमारी के संबंध में निर्धारित गाइड लाईन का कड़ाई से पालन करें। बीमारी की पुष्टि करने के लिये नमूने के परीक्षण की सुविधा एनसीडीसी दिल्ली में उपलब्ध है। इस बीमारी के उपचार में डॉक्सीसाइकलिन, टैरासाइकिलन और क्लोरोमफेनीकल दवायें उपयोग में लाई जाती हैं।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य संचालनालय ने अवगत कराया है कि स्क्रब टायफस के संभावित मरीज प्रदेश के विदिशा, सीहोर, सागर, रायसेन एवं राजगढ़ में रिपोर्ट किए गए हैं, जो निजी अस्पतालों में उपचाररत हैं। इनके अलावा असम, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाड़ एवं केरल में भी इस बीमारी के संदिग्ध मरीज देखने में आए हैं।

यह हैं लक्षण

      संक्रमित लार्वा के काटने के स्थान पर दाना उठता है जो बाद में जख्म बनकर सूखने के बाद काले धब्बे का रूप ले लेता है। साथ ही बुखार, सिरदर्द, जोड़ एवं मांसपेशियों में दर्द, प्रकाश से असहनीयता, सूखी खाँसी, एक सप्ताह उपरांत शरीर (पेट एवं हाथ पैरों पर) दाने उभर आते हैं। कुछ प्रकरणों में निमोनिया, मस्तिष्क ज्वर एवं हृदय संबंधी बीमारी भी देखने को मिलती है। बीमारी के लक्षण दो सप्ताह तक पाए जाते हैं एवं इसका इन्क्यूवेशन पीरियड एक से तीन सप्ताह तक होता है।

निर्धारित गाइडलाईन का पालन करने पर जोर

      स्क्रब टायफस बीमारी को लेकर पूरा एहतियात बरतने पर तो जोर दिया ही गया है। साथ ही निर्धारित गाइडलाईन का पालन करने के निर्देश भी स्वास्थ्य संचालनालय द्वारा जारी किए गए हैं। जारी निर्देशों में कहा गया है कि बीमारी पर निगरानी रखने के लिये डोर-टू-डोर बुखार का सर्वे कराएँ और बीमारी के लक्षण पाए जाने पर निर्धारित गाइड लाईन के तहत इलाज करें। बीमारी की रोकथाम के लिये प्रचार-प्रसार करने पर भी बल दिया गया है।

      संक्रमित घुन एवं चूहा आदि को नियंत्रित करने के लिये मेटीसाइड दवाओं का उपयोग करने की सलाह दी गई है। एन्डेमिक एरिया में बचाव के लिये सुरक्षात्मक कपड़ों का उपयोग करने एवं शरीर के खुले स्थानों पर घुन से बचाव वाली क्रीम डाइथाईलटोलूएमाइट दवा का उपयोग किया जा सकता है।

बीमारी के लक्षण पाए जाने पर यहाँ दें सूचना

  • कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला सर्विलेंस यूनिट के दूरभाष नम्बर क्रमश: 0751-2452994 व 2430034
  • इंटीग्रेटेड कॉल सेंटर कंट्रोल रूम 0751-2446000 व 2446001
  • सीएमएचओ डॉ. एस एस जादौन – मोबाइल नं. 9229250508
  • प्रभारी जिला सर्विलेंस अधिकारी – मोबाइल नं. 9303110747
  • डाटा मेनेजर आईडीएसपी श्री अखिलेश जैन – मोबाइल नं. 9425791855

Share This News :