Home > अपना शहर ,
कल्याणकारी योजनाओं में जुड़े हितग्राहियों की रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करें - कमिश्नर श्री रूपला

ग्वालियर संभाग के कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला ने संभागीय अधिकारियों से कहा है कि विभिन्न कल्याणकारी हितग्राहीमूलक योजनाओं से छूटे हुए हितग्राहियों को जोड़ने के लिये शासन द्वारा 10 नवम्बर से 30 नवम्बर 2016 तक चलाये गए विशेष अभियान के तहत जोड़े गए हितग्राहियों की विस्तृत रिपोर्ट अगली बैठक में विभागवार प्रस्तुत की जाए। कमिश्नर श्री रूपला बुधवार को अपने कार्यालय के मानसभागार में आयोजित संभागीय अधिकारियों की बैठक में योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।

      कमिश्नर ने कहा कि पृथक-पृथक कल्याणकारी योजनाओं में कितने-कितने नये हितग्राही जुडे हैं, उनका अपडेट डेटा प्रस्तुत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय विभाग की प्रत्येक स्कीम में हितग्राहियों को जोड़ा गया होगा। इसी तरह श्रम विभाग कर्मकार मण्डल के तहत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में भी काफी नये हितग्राहियों को जोड़ने की गुंजाईश थी। सभी हितग्राहीमूलक विभाग अपनी-अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। सभी जनपद पंचायतों के सीईओ और नगरीय क्षेत्र से नगरीय निकाय अपनी रिपोर्ट संभागीय अधिकारी के माध्यम से प्रस्तुत करें। श्रमिक बच्चों को की जाने वाली छात्रवृत्ति वितरण की समीक्ष करते हुए कमिश्नर ने लोक शिक्षण संभाग के संयुक्त संचालक को निर्देश दिए कि वे अभी तक संभाग में कितने श्रमिकों के बच्चों को कितनी राशि की छात्रवृत्ति स्वीकृत कर कितने बच्चों के बैंक खातों में पहुँचाई गई है और रिपोर्ट भी अगली बैठक में प्रस्तुत की जाए। इसके लिये पृथक से स्कूलों के प्राचार्यों को पत्र भी लिखा जाए। उन्होंने कहा कि यह ध्यान रहे कि श्रमिकों के अध्ययनरत शतप्रतिशत बच्चों को छात्रवृत्ति का वितरण सुनिश्चित हो जाए। बैठक में गणवेश, साइकिल वितरण की भी समीक्षा की गई।

      कमिश्नर श्री रूपला ने अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संभागीय अधिकारी ट्रायवल को निर्देश दिए कि वे पुलिस अधीक्षकों से संपर्क स्थापित करके लंबित प्रकरणों के निराकरण कराने का आग्रह करें। उद्यानिकी विभाग कीसमीक्षा करते हुए बोनी के सभी लक्ष्य तत्काल पूर्ण कराएँ। साथ ही विभिन्न योजनाओं में कराए जा रहे रजिस्ट्रेशन के कार्यों में भी तेजी लाएँ।

      सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 7 करोड़ का भुगतान विपणन संघ को किया जा चुका है। स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिये सही समय है, अधिक से अधिक शिविर लगाकर मोतियाबिंद ऑपरेशन कराके लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें।

      कमिश्नर श्री रूपला ने सभी रोजगारमूलक योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देशों को दोहराते हुए कहा कि लक्ष्यों के अनुरूप प्रकरणों में स्वीकृति एवं ऋण वितरण कार्य में गति लायें। उन्होंने अशोकनगर श्री संतोषजनक प्रगति पर प्रशंसा व्यक्त करते हुए मोबाइल लगाकर अन्य जिलों के कलेक्टरों से भी चर्चा करके सभी रोजगारमूलक योजनाओं में गति लाने को कहा।

 

Share This News :