Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
'वो मर चुके हैं' कहकर पत्नी ने की दूसरी शादी, पति बोला-अभी तो मैं जिंदा हूं

मध्यप्रदेश के भोपाल में एक महिला ने अपने पति को मरा हुआ बताकर दूसरी शादी कर ली. जिसपर पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराकर कहा है- ‘अभी मैं जिंदा हूं’. शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराने वाले व्यक्ति ने बताया है कि उसकी शादी 24 जून 2010 को हुई थी. उसकी शादी मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत राजीव नगर शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति के माध्यम से हुई थी. दोनों की एक बेटी भी है जिसकी उम्र 6 साल है.

पति का कहना है कि शादी के बाद दोनों के बीच कई बार मनमुटाव हुआ. शाहपुरा थाने की पुलिस ने दोनों के बीच समझौता भी कराया. लेकिन जब झगड़ा ज्यादा बढ़ गया तो नोटरी के माध्यम से दोनों ने अलग रहने का फैसला किया. इस दौरान उसने बेटी की खातिर तलाक नहीं लिया. पति का आरोप है, ‘ मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत मिलने वाली 51 हजार रुपये की खातिर पत्नी ने दूसरी शादी कर ली. पत्नी ने जो दस्तावजे पेश किए हैं, उसमें मुझे मृत बताया गया है, जबकि मैं जिंदा हूं’.

उधर, महिला का कहना है उसने दूसरी शादी जरूर की है, लेकिन कोई जानकारी छिपाई नहीं है. साथ ही उसने जो दस्तावेज जमा किए हैं वह भी सही हैं. मामले में पुलिस का कहना है कि जांच के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी.

वहीं मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के नगर प्रभारी ने भी मामले के जांच के आदेश दिए हैं. अधिकारी का कहना है कि दस्तावेजों की जांच करने के बाद शादी की अनुमति दी जाती है. अगर जांच में किसी तरह की लापरवाही हुई है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. साथ ही महिला के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज होगी.

Share This News :