Home > अपना शहर ,
आनंद उत्सव के संबंध में जिले के आनंद उत्साही व्यक्ति अपना रजिस्ट्रेशन विभाग की वेबसाइट पर कराएँ

राज्य शासन ने आनंद विभाग तथा उसके अंतर्गत पंजीकृत सोसायटी के रूप में “राज्य आनंद संस्था” का गठन किया है। यह विभाग शासकीय तथा अशासकीय संस्थाओं के माध्यम से ऐसी विभिन्न गतिविधियों का संचालन करेगा, जो हमें परिपूर्ण जीवन जीने की कला सिखा सके। आनंद उत्सव की इन्हीं गतिविधियों की श्रृंखला की एक कड़ी है, जिसका आयोजन प्रदेशभर में 14 जनवरी से 21 जनवरी 2017 के बीच पंचायत अथवा तीन-चार पंचायतों के समूह स्थल पर किया जायेगा।

      ग्वालियर जिले के अंतर्गत जो भी व्यक्ति आनंद उत्साही के रूप में भाग लेना चाहता है, वह आनंद संस्था की वेबसाइट www.anandsansthanmp.in पर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकता है। जिला स्तर पर नोडल अधिकारी के रूप में अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा को नियुक्त किया गया है। रजिस्ट्रेशन करने वाले व्यक्तियों में से किसी एक व्यक्ति का चयन कर आनंद विभाग को भेजा जायेगा। चयनित आनंद उत्साही व्यक्ति को तीन दिवसीय ट्रेनिंग पर भी भेजा जायेगा।

      अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि आनंदमयी प्रतियोगिताओं में पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे, जिसमें प्रत्येक पंचायत हेतु 15 हजार रूपए की राशि प्रदान की जायेगी। उन्होंने बताया कि पंचायत एवं अनुविभागीय स्तर पर समितियों का गठन किया जायेगा। पंचायत स्तर पर पंचायत के सरपंच, चयनित स्वयंसेवक तथा स्थानीय स्तर के कर्मचारियों को रखा जायेगा। अनुविभाग स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी गठित होगी, जिसमें जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा प्रभारी अधिकारी समस्त विभाग को रखा जायेगा।

      पंचायत स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में महिलाओं की भी प्रतियोगितायें आयोजित की जायेंगी। सम्पूर्ण जिले में की गईं प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन कलेक्टर के माध्यम से जिला स्तर पर किया जायेगा।

Share This News :