Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
केबिनेट की बैठक में लिए कई निर्णय -कर्मचारियों का DA दो प्रतिशत बढ़ाने को मंजूरी

भोपाल। कांग्रेस सरकार ने वचन पत्र का एक और वचन पूरा करते हुए नर्मदा और ताप्ती नदी के संरक्षण के लिए न्यास बनाने का फैसला किया है। यह न्यास अवैध रेत खनन को रोकने, नदियों को गंदा करने से रोकने और साधु-संतों के लिए काम करेगा।

मुख्‍यमंत्री कमलनाथ की कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके साथ ही जिन जिलों से नदी गुजर रही है, उन जिलों में स्थानीय लोगों की एक कमेटी बनाई जाएगी। जो नदी संरक्षण के लिए कार्य करेगी। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान वचन पत्र में इसका वादा किया था।

इसके साथ ही कैबिनेट ने प्रदेश के करीब 5 लाख कर्मचारियों का महंगाई भत्ता दो प्रतिशत बढ़ाने को भी मंजूरी दे दी। कर्मचारियों का डीए जुलाई 2018 से बढ़ाया जाएगा। छह महीने का एरियर जीपीएफओ खाते में जमा किया जाएगा, वहीं फरवरी का डीए मार्च में उनके वेतन के साथ जुड़कर आएगा।

डीए बढ़ाने से राज्य सरकार के ऊपर 1098 करोड़ रुपए का बोझ बढ़ेगा। हालांकि केंद्र सरकार के कर्मचारियों का डीए 12 प्रतिशत हो गया है, जबकि मप्र के कर्मचारियों का डीए 9 प्रतिशत है। सबसे पहले कैबिनेट बैठक में एयर स्ट्राइक के लिए भारतीय वायु सेना की प्रशंसा करते हुए प्रस्ताव पास किया गया।

भोपाल-इंदौर मेट्रो के लिए फिर कंसलटेंट नियुक्त होगा

कैबिनेट बैठक में एक बार फिर भोपाल-इंदौर मेट्रो संचालन की वायबिलिटी चेक करने के लिए कंसलटेंट नियुक्त करने का फैसला किया गया है। हालांकि इस फैसले को लेकर कई आशंकाएं हैं, क्योंकि भोपाल-इंदौर में मेट्रो रूट निर्माण का काम शुरू हो चुका है। मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए केंद्र सरकार, मेट्रो कंपनी और राज्य सरकार के बीच एक एमओयू पर भी दस्तखत होना था, लेकिन कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को फिलहाल पारित नहीं किया गया।

सोयाबीन और मक्का में मिलेगा भावांतर

कैबिनेट बैठक में फैसला किया गया है कि सोयाबीन और मक्का की फसल पर भी भावांतर योजना के तहत भावांतर दिया जाएगा। हालांकि इसके रेट अभी तय नहीं किए गए हैं। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री बाद में करेंगे। कैबिनेट ने जनजातीय कार्य विभाग का नाम बदलकर आदिम जाति कल्याण विभाग नाम रखने को भी मंजूरी दे दी है। बैठक में छिंदवाड़ा में एक सिंचाई परियोजना को भी मंजूरी दी। बैठक में कमलनाथ ने कहा कि मप्र में सबसे कम सिंचित क्षेत्र छिंदवाड़ा है। जहां सिर्फ 10 प्रतिशत क्षेत्र में सिंचाई सुविधा है।

मेडिकल कॉलेज में नई लैब खुलेगी

कैबिनेट ने मप्र के सभी मेडिकल कॉलेज में नई वायरल रिसर्च डायग्नोस्टिक लैब की स्थापना करने को भी मंजूरी दे दी है। इसके लिए नए पदों का सृजन किया जाएगा।

अभी तबादले कहां हुए, मंत्री-विधायक सब इंतजार कर रहे हैं

कैबिनेट बैठक की जानकारी देने आए जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा से जब तबादलों पर विपक्ष के आरोप के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी तबादले ज्यादा नहीं हुए हैं। विपक्ष गिनती बता दें कि कितने तबादले किए हैं। मंत्री और विधायक सभी शिकायत कर रहे हैं कि सरकार तबादले नहीं कर रही है।

पहले दिन ही हमला करते तो मोदी की तारीफ करते

एयर स्ट्राइक पर कांग्रेस द्वारा भारतीय वायु सेना को बधाई दी जा रही है। शर्मा से जब मोदी का नाम नहीं लेने का कारण पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यदि पुलवामा हमले के दिन ही जवाबी हमला होता तो हम मोदी की तारीफ करते।

Share This News :