Home > अपना शहर ,
स्वच्छता में ग्वालियर को नम्बर 1 बनाने के लिए सब मिलकर करें प्रयास

स्वच्छता में ग्वालियर को नम्बर 1 बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को लेकर स्वच्छता की समीक्षा बैठक का आयोजन आज निगम मुख्यालय में किया गया तथा बैठक में निगमायुक्त श्री अनय द्विवेदी, स्वच्छता प्रभारी श्रीमती खुशबू गुप्ता, अपर आयुक्त श्री आर के श्रीवास्तव, अपर आयुक्त वित्त श्री देवेन्द्र पालिया, उपायुक्त श्री के के गौर सहित सभी मुख्य समन्वयक अधिकारी एवं नोडल अधिकारी व क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में स्वच्छता को लेकर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शहर के सभी प्रवेश द्वार एवं निकास द्वार जहां से शहर के बाहर से आने वाले लोग प्रवेश एवं निकास करते हैं वह मुख्य मार्गों की स्वच्छता को लेकर विशेष ध्यान रखें। जिससे शहर में आने वाले व्यक्ति के सामने स्वच्छ ग्वालियर की छवि बनेगी। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टेन्ड व अन्य सभी सार्वजनिक स्थानों पर जहां लोगों का आवागमन रहता है वहां भी स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में क्विक रिसपोंस स्क्वाइड को लेकर भी चर्चा की गई जिसमें तय किया गया कि चारों विधानसभा में एक-एक दल तैनात किया जाएगा जो कि कचरे की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर जाकर सफाई करेगा एवं कचरा फैंकने वाले से जुर्माना वसूल करेगा। इसके साथ ही कम्प्यूटराइजेशन प्रभारी श्री नागेन्द्र सक्सैना को निर्देश दिए कि स्वच्छता मिशन के फोटो निगम के पोर्टल पर अपडेट करें। इसके साथ ही निगमायुक्त श्री द्विवेदी ने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने वार्डों की ऐसी काॅलोनियों की सूची दें जो कि महापौर स्वच्छता चैलेन्ज प्रतियोगिता में भाग लेगीं।
बैठक में सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी क्षेत्राधिकारी एवं डब्ल्यूएचओ अपने अपने क्षेत्र में स्वचछता की लगातार माॅनीटरिंग करें तथा अपने अपने क्षेत्रों में वार्डों में एक साथ सफाई अभियान चलाने के लिए योजना बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी क्षेत्राधिकारी अपने अपने क्षेत्र में जहां भी झाडियां, गाजरघास, इत्यादि लगी हैं उनकी सफाई आवश्यक रुप से कराई जाए।
स्वच्छता निरीक्षक बनाएंगे अधिक गंदगी एवं खुले में शौच वाले स्थानों की सूची
बैठक में 4 स्वच्छता निरीक्षक श्री कृष्णकांत पाराशर, श्री रमेश शर्मा, श्री कृष्ण शर्मा एवं श्री कमलकांत नियुक्त किए गए तथा उन्हें निर्देश दिए गए कि वह ऐसे स्थानों को चयनित कर सूची बनाएं जहां अत्याधिक गंदगी रहती है तथा जहां लोग खुले में शौच जाते हैं।
नगरोदय अभियान के लिए लगाये अतिरिक्त कर्मचारी
बैठक के दौरान निगमायुक्त श्री अनय द्विवेदी ने नगरोदय अभियान की प्रगति को लेकर जानकारी ली तथा सभी क्षेत्राधिकारियों को समय पर सर्वे का कार्य शतप्रतिशत पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए। इसके लिए सभी क्षेत्राधिकारियों की मांग के अनुसार सर्वे कार्य के लिए अतिरिक्त कर्मचारी भी दिए तथा निर्देश दिए कि हर हाल में जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों का सर्वे का कार्य पूर्ण होना चाहिए। नगरोदय अभियान के तहत सामाजिक सुरक्षा पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्वावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तजन पेंशन, कन्या अभिभावक पेंशन, बहुविकलांग/मानसिक रुप से अविकसित निशक्तजन के लिए अनुदान योजना, मुख्यमंत्री शहरी घरेलू कामकाजी महिला कल्याण योजना, मुख्यमंत्री हाथ ठेला एवं विक्रय करने वालों के लिए कल्याण योजना, केशशिल्पी कल्याण योजना, राष्ट्रीय परिवार सहायता एवं मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाय योजना, निशक्जन विवाह योजना के अलावा अन्य योजनाओं के पात्र हितग्राहियों का भी सर्वे किया जा रहा है।
बैठक में दिए गए अनेक निर्देष
बैठक में निगमायुक्त श्री अनय द्विवेदी ने विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अनेक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
1. अपर आयुक्त वित्त श्री देवेन्द्र पालिया को निर्देश दिए कि सभी क्षेत्राधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करें कि उनके द्वारा दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की जानकारी के प्रपत्र अभी तक क्यों नहीं भेजे गए हैं।
2. सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के लिए प्रत्येक क्षेत्राधिकारी के क्षेत्र में 5 स्थानों पर वार्ड संगोष्ठी का आयोजन होना है इस संगोष्ठी में योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सभी क्षेत्राधिकारी अपने अपने क्षेत्र में ऐसे 5 ऐसे स्थलों का चयन करें जहां अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभ मिल सके।
3. सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने अपने क्षेत्र के ऐसे निर्माण कार्यों जैसे सीसी रोड, नाली, सीवर, सामुदायिक भवन एवं व्यक्तिगत शौचालय की सूची प्राथमिकता के आधार पर दें।

Share This News :