Home > अपना शहर ,
ग्वालियर कलेक्ट्रेट अब कैशलेस, पीओएस से होगा भुगतान

प्रभारी कलेक्टर ने डिजिटल भुगतान को बढावा देने के दिए निर्देश

कार्यशाला के माध्यम से समझाई डिजिटल भुगतान की प्रक्रिया

ग्वालियर कलेक्ट्रेट कैशलेस होगी। इसके लिए कलेक्ट्रेट परिसर में पीओएस मशीनें लगाई जा रही हैं। संभवत: 6 दिसंबर से यह सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। यह जानकारी प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में दी। उन्होंने बताया कि खासतौर पर समाधान एक दिवस और रेडक्रॉस से संबंधित भुगतान अब पीओएस के माध्यम से किया जा सकेंगे।

सोमवार को यहां कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई अंतरविभागीय  समन्वय बैठक के साथ-साथ डिजिटल भुगतान ‍विषय पर कार्यशाला भी आयोजित हुई। इसमें जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री संजय पाण्डेय ने डिजिटल भुगतान पर विस्तार से प्रेजेंटेशन दिया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री शरद श्रोत्रिय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व सभी अनुविभागीय दंडाधिकारी अधिकारी मौजूद थे।

प्रभारी कलेक्टर श्री वर्मा ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार के दिशा निर्देशों के तहत कैशलेस व्यवस्था को बढा़वा देने के लिए जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने लीड बैंक अधिकारी को भी हिदायत दी कि सभी बैंकों के माध्यम से कैशलेस व्यवस्था के प्रति अधिकाधिक लोगों को जागृत करें। प्रभारी कलेक्टर ने स्पष्टत: कहा कि इस कार्य को गंभीरता के साथ अंजाम दें।

जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री पाण्डेय ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से डिजिटल भुगतान करने पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने खासतौर पर बैंक कार्ड, पीओएस, यूएसएसडी आधारित मोबाइल बैंकिंग, ई-बटुआ, आधार से जुडी़ भुगतान प्रणाली, माइक्रो एटीएम से लेनदेन, यूपीआई आदि के जरिए  डिजिटल भुगतान प्रक्रिया के बारे में बताया। श्री पाण्डेय ने बताया कि डिजिटल भुगतान के लिए अपने मोबाइल नंबर को बैंक खाते से जरूर लिंक करवा लेना चाहिए।

अपर कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने कार्यालयों में भी पीओएस मशीन स्थापित कर कैशलेस व्यवस्था को बढा़वा दें। उन्होंने कहा कि खासतौर पर ऐसे विभाग जहां शासकीय कामकाज और जनसुविधाएं
मुहैया कराने के लिए जन सामान्य से कैश का आदान-प्रदान होता है, वहां पीओएस मशीनें लगाई जाएं।  

प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने 12 दिसंबर को मुरैना में प्रदेश सरकार की पहल पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम में ग्वालियर जिले की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, टीएल, जनसुनवाई आदि के आवेदन- पत्रों के निराकरण की समीक्षा भी की गई। श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से आए आवेदनों के निराकरण में कदापि देरी न हो।

डिजिटल भुगतान पर चैंबर ऑफ कॉमर्स में होगी कार्यशाला

प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने बैठक में जानकारी दी कि 10 दिसंबर को दोपहर बाद चैंबर ऑफ कॉमर्स के सभागार में डिजिटल भुगतान पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यशाला में दिल्ली से आ रहे विषय विशेषज्ञ कैशलेस भुगतान के बारे में कारोबारियों को विशेष प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने कहा विभागीय अधिकारी भी इस कार्यशाला में जरूर भाग लें।

इनसे करें डिजिटल भुगतान

  • एटीएम व अन्य बैंक कार्ड
  • ई- बटुआ ﴾कम्प्यूटर या स्मार्ट फोन के जरिए ऑन-लाइन भुगतान प्रणाली,ï´¿
  • पीओएस ﴾पॉइंट ऑफ सेल﴿ के जरिए
  • इंटरनेट बैंकिंग
  • यूएसएसडी आधारित मोबाइल बैंकिंग
  • आधार कार्ड लिकिंग के आधार पर

Share This News :