Home > अपना शहर ,
तानसेन समारोह की स्थानीय समिति की बैठक 7 को

उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया की पहल पर हुआ है समारोह का विस्तार

भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में देश के सर्वाधिक प्रतिष्ठित महोत्सव “तानसेन संगीत समारोह” का इस साल उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया की पहल पर विस्तार किया गया है। इस बार के समारोह में कुल 9 संगीत सभायें होंगी। तानसेन समारोह का आयोजन संगीत की नगरी ग्वालियर में 16 से 20 दिसम्बर तक होगा। इस आयोजन से संबंधित स्थानीय समिति की बैठक 7 दिसंबर को संभाग आयुक्‍त श्री एस एन रूपला की अध्यक्षता में मोतीमहल स्थित मानसभागार में दोपहर 12 बजे आयोजित होगी।

      इस बार के समारोह में कुल 9 संगीत सभायें होंगी। पहली 7 संगीत सभायें सुर सम्राट तानसेन की समाधि एवं मोहम्मद गौस के मकबरा परिसर में सास-बहू (सहस्त्रबाहू) मंदिर की थीम पर बनने जा रहे भव्य एवं आकर्षक मंच पर सजेंगीं। समारोह की आठवीं सभा सुर सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट में झिलमिल नदी के किनारे सजेगी। किला परिसर स्थित गूजरी महल को भी इस बार तानसेन समारोह से जोड़ा गया है। समारोह की नौवीं एवं आखिरी संक्षिप्त संगीत सभा 20 दिसम्बर को सायंकाल 8 बजे गूजरी महल में आयोजित होगी।

हजीरा चौराहे पर “पूर्वरंग”

      संगीत सम्राट तानसेन की स्मृति में पिछले 91 वर्षों से आयोजित हो रहे प्रतिष्ठित तानसेन समारोह में इस बार उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया की पहल पर एक और नवाचार हो रहा है। समारोह के शुभारंभ से एक दिन पहले यानि 15 दिसम्बर को तानसेन समारोह के “पूर्वरंग” का आयोजन होगा। सार्वजनिक तौर पर जन सामान्य के लिये आयोजित किए जा रहे पूर्व रंग में शास्त्रीय संगीत की पृष्ठभूमि से उपशास्त्रीय गायन प्रस्तावित है। पूर्वरंग का आयोजन हजीरा चौराहे पर किया जायेगा।

Share This News :