Home > अपना शहर ,
तानसेन समारोह की पूर्व संध्या 15 दिसम्बर को हजीरा पर होगा विख्यात गायिका मालिनी अवस्थी का गायन

20 को गूजरी महल में होगी संगीतसभा: 5 देशों के प्रतिनिधि भी आयेंगे

प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया की पहल पर ग्वालियर में होने वाले तानसेन संगीत समारोह का स्वरूप इस बार न केवल अन्तर्राष्ट्रीय होगा बल्कि परम्परा से हटकर पहली बार श्रोता किला स्थित गूजरी महल में संगीत सभा व हजीरा चैक पर विख्यात लोक गायिका मालिनी अवस्थी के उपशास्त्रीय गायन का आनंद ले सकेंगे।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने भोपाल में संस्कृति विभाग के उच्च अधिकारियों से तानसेन संगीत समारोह को लेकर विस्तृत चर्चा की व कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में स्थित संगीत सम्राट की समाधि पर होने वाले प्रसिद्ध संगीत समारोह को आमजन के लिये व्यापक तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का बनाया जाये। उच्च शिक्षा मंत्री के सुझाव पर तानसेन अलंकरण समारोह की पूर्व संध्या ‘‘गमक‘‘ नाम से होगी, जिसमें 15 दिसम्बर को हजीरा चैक पर ‘‘ससुराल गेंदा फूल‘‘ से लोकप्रिय हुयी भारत की विख्यात लोक गायिका मालिनी अवस्थी का उपशास्त्रीय लोकगीतों का गायन होगा। किसी युग में तानसेन की स्वर लहरियों से गंुजित ग्वालियर किले के गूजरी महल में 20 दिसम्बर को अंतिम संगीत सभा भी पहली बार ही आयोजित होगी।
15 से 20 दिसम्बर तक चलने वाले देश के संगीत जगत के प्रतिष्ठित इस समारोह में इस बार ईराक, इजराइल, नार्वे स्विस व बेल्जियम देशों के संगीत साधक व रसिक भी शामिल होंगे।

Share This News :