Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
मुख्यमंत्री रहते शिवराज सिंह चौहान समेत यह सीएम भी धरने पर बैठे

पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित शारदा चिटफंड और रोज वैली घोटाला मामले में कोलकाता पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार सीबीआई जांच के घेरे में आ गए हैं. सीबीआई कार्रवाई के बीच पश्चिम बंगाल की सियासत गरमा गई है. मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राजीव कुमार के बचाव में उतर आई हैं. उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ धरना देना शुरू कर दिया है.

आम चुनाव करीब हैं और ममता बनर्जी की इस कवायद को कहीं न कहीं राजनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है. वहीं बात अगर मुख्य​मंत्रियों के केंद्र सरकार के खिलाफ धरने की करें तो 2014 के आम चुनाव से ऐन पहले देश दो महीने में 4 मुख्यमंत्रियों के धरने का गवाह रहा था.

दरअसल 2014 लोकसभा चुनाव से ऐन पहले मार्च में मध्यप्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान किसानों के मुद्दे पर तत्कालीन यूपीए सरकार के खिलाफ चार घंटे तक उपवास पर बैठे. उन्होंने यूपीए सरकार की किसानों के प्रति प्राकृतिक आपदा में असंवेदनशील रवैये के विरोध में बीजेपी के एक दिन के राज्यव्यापी बंद के दौरान 4 घंटे तक उपवास पर बैठने के बाद अपना धरना समाप्त कर दिया. शिवराज सिंह चौहान धरने के दौरान पूरी कैबिनेट के साथ स्थल पर रहे और उपवास किया.इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने 2014 की जनवरी में दिल्ली के पहाड़गंज इलाक़े में डेनमार्क की एक महिला पर्यटक के साथ बलात्कार के विरोध में पुलिस अधिकारियों के खिलाफ धरने पर बैठ गए थे. बाद में दिल्ली के तत्कालीन उप राज्यपाल नजीब जंग की अपील के बाद उन्होंने धरना खत्म किया.उधर आंधप्रदेश के विभाजन के खिलाफ दिल्ली में ही फरवरी में आंधप्रदेश के मुख्यमंत्री एन किरण कुमार रेड्डी जंतर-मंतर पर धरना पर बैठे. इस दौरान उनके साथ कई राज्यमंत्री और सीमांध्र क्षेत्र के विधायक धरने में शामिल हुए. इसके बाद ही किरण कुमार रेड्डी ने कांग्रेस छोड़ दी थी और ‘जय समयक्या आंध्र पार्टी’ का गठन किया था. पिछले साल ही किरण कुमार रेड्डी ने कांग्रेस में वापसी की.

केजरीवाल, किरण रेड्डी के बाद धरना देने वाले मुख्यमंत्रियों की लिस्ट में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भी नाम दर्ज हुआ. 2014 आम चुनाव से पहले मार्च महीने में नीतीश कुमार ने बिहार को विशेष राज्य के दर्जे के लिए पहले थाली पीटी, फिर साथियों के साथ नारेबाजी की और पैदल मार्च कर गांधी मैदान पर धरना दिया.

Share This News :