Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
कर्जमाफी के बाद बिजली बिल होगा हाफ, सरकार ने की तैयारी

लोकसभा चुनाव से पहले कमल नाथ सरकार मध्यप्रदेश की बड़ी आबादी को खुश करने जा रही है. कर्जमाफी के बाद अब सरकार ने बिजली के बिल माफ करने का प्लान बनया है, जिसे चुनाव से पहले सरकार अमल में लाने जा रही है. कर्जमाफी के बाद बिल माफी कमल नाथ सरकार के लिए मास्टर स्ट्रोक साबित हो सकता है.

लोकसभा चुनाव से पहले मोदी सरकार के लोक लुभावन वायदों का कमल नाथ सरकार ने जवाबी प्लान तैयार किया है. कर्जमाफी के एलान के बाद कमल नाथ सरकार अब बिजली माफी योजना का खाका तैयार कर रही है. कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में शामिल कर्जमाफ और बिजली बिल हाफ पर काम करना तेज कर दिया है. मध्यप्रदेश के 55 लाख किसानों की कर्जमाफी के बाद कांग्रेस सरकार अब 60 लाख बिजली उपभोक्ताओं के बिजली बिल हाफ करने जा रही है. इसको लेकर सरकार ने होमवर्क पूरा कर लिया है, जिसे चुनाव से पहले सरकार अमल में लाने का काम करने जा रही है.

मध्यप्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह ने बिजली बिल माफी योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सरकार की इस योजना का सौ यूनिट तक के बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा. इसके तहत प्रदेश के करीब 60 लाख उपभोक्ताओं को सीधे लाभ पहुंचेगा. उन्होंने बताया कि सौ यूनिट पर बिजली उपभोक्ताओं का बिल मात्र सौ रुपये ही आएगा. योजना पर अमल करने पर मध्यप्रदेश सरकार पर हर साल करीब 1500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार आयेगा. कमल नाथ सरकार की इस योजना में दस हार्स पावर बिजली खर्च करने वाले किसान भी शामिल होंगे.

 

Share This News :