Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
शिवराज सरकार ने किसानों के नाम पर 3 हजार करोड़ का घोटाला किया :कमलनाथ

प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर 3 हजार करोड़ से ज्यादा घोटाले का आरोप लगाया है। कमलनाथ ने निशाना साधते हुए कहा कि किसानों के नाम पर शिवराज सरकार ने बड़ा घोटाला किया है। इस घोटाले में सीएम ने शासन को बैंक अधिकारियों के खिलाफ FIR करने के निर्देश भी दिए हैं।

 

भोपाल में मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि उन्होंने 3-4 जिलों के किसानों से मुलाकात की। किसान ऋण माफी योजना को लेकर उन्हें आ रही परेशानियों के बारे में उन्होंने बताया। किसानों ने ये भी बताया कि उन्होंने कर्ज लिया ही नहीं, फिर भी उनका नाम बकायादार की सूची में आ रहा है। ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं। इसी से समझ आ रहा है कि पिछली सरकार में फर्जी ऋण बांटा गया। ये बड़ा घोटाला है। उन्होंने कहा कि ये घोटाला 2 से 3 हजार करोड़ तक का घोटाला हो सकता है।

कमलनाथ ने कहा- हम किसी को नहीं छोड़ेंगे। हम इसकी पूरी जांच करेंगे और दोषियों को सजा दिलाएंगे। कमलनाथ ने दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए।

गौ शाला के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस बात से बहुत दुख पहुंचा कि पिछले 15 सालों में शिवराज सरकार ने एक भी गौ शाला नहीं बनाई। जबकि ये लोग खुद को बड़े गौ रक्षक होने का दावा करते हैं। कमलनाथ ने घोषणा की कि हम अपने वचन पत्र में किए वादे के मुताबिक 4 महीनों में 1000 गौ शाला बनाएंगे। हम हर माह इसकी समीक्षा भी करेंगे। उन्होंने ये भी बताया कि गौ शाला निर्माण से 1 लाख निराश्रित गोवंश को आसरा मिलेगा।

कमलनाथ ने कहा कि हमारी सरकार गोल्फ कोर्स की सरकार नहीं है, इसलिए हमने गोल्फ कोर्स निरस्त करने का निर्णय लिया। राम मंदिर को लेकर हुए सवाल पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि जब चुनाव आते हैं तभी मोदीजी को राम मंदिर की याद आती है। साढ़े 4 साल में मोदी सरकार को कभी राम मंदिर की याद नहीं आई।

उन्होंने ये भी बताया कि युवा स्वाभिमान स्वरोजगार योजना को जल्द कैबिनेट में पेश किया जाएगा।

Share This News :