Home > अपना शहर ,
हाईकोर्ट की लोक अदालत ने पीड़ित पक्षकारों को दिलाया 32 लाख 38 हजार 500 रूपए का अतिरिक्त क्षतिधन

माननीय मुख्य न्यायाधिपति महोदय म.प्र. उच्च न्यायालय जबलपुर के आदेशानुसार एवं माननीय न्यायाधिपति श्री एन के गुप्ता प्रशासनिक न्यायाधिपति महोदय के मार्गदर्शन में उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर में स्थायी एवं निरंतर लोक अदालत का आयोजन आज शनिवार 03 दिसम्बर 2016 को किया गया। इस लोक अदालत में माननीय न्यायाधिपति श्री शील नागू, सीनियर एडवोकेट श्री एच डी गुप्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती आशा मगोन की न्यायपीठ द्वारा पक्षकारों की आपसी सहमति के आधार पर 41 मोटर दुर्घटना क्लेम अपील प्रकरण, 02 रिव्यू पिटीशन सहित कुल 43 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इसमें पीड़ित पक्षकारों को 32 लाख 38 हजार 500 रूपए की राशि अतिरिक्त क्षतिधन के रूप में प्राप्त हुई।

      एक प्रकरण जिसमें धर्मेन्द्र गुर्जर दिनांक 27 फरवरी 2012 को वकील सिंह की मोटरसाइकिल पर पीछे बैठकर ग्वालियर जा रहा था। तभी ट्रक क्रंमांक एमपी-06 एचसी-0673 द्वारा उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे धर्मेन्द्र के दाहिने पैर में गंभीर चौटें आईं और इलाज के दौरान उसका दाहिना पैर काटना पड़ा। इससे उसे स्थायी अपंगता आ गई। अधीनस्थ न्यायालय द्वारा धर्मेन्द्र को दिलाए गए क्षतिधन में हाईकोर्ट की लोक अदालत ने दो लाख की वृद्धि की। एक अन्य प्रकरण जिसमें कि दिनांक 28 जनवरी 2006 को जीतेन्द्र सिंह जाट उटीला की ओर से साइकिल से आ रहा था कि मैटाडोर क्रमांक एमपी-30 जी-0241 के द्वारा उसकी साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे जीतेन्द्र को गंभीर चोंटें आईं और इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। हाईकोर्ट की लोक अदालत द्वारा मृतक की पत्नि श्रीमती सरोज देवी एवं वारिसान को 02 लाख 10 हजार रूपए की राशि अतिरिक्त क्षतिधन के रूप में दिलाई गई।

Share This News :