Home > अपना शहर ,
3.84 लाख लोगों के यहां मीटर नहीं, डिमांड भेजी 40 हजार की, वे भी नहीं मिले

ग्वालियर। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी उपभोक्ताओं के घर मीटर बदलने व लगाने को लेकर गंभीर नहीं दिख रही है। मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय ने अक्टूबर में कंपनी प्रबंधन को 40 हजार नए मीटर की डिमांड भेजी थी, लेकिन अभी तक नहीं मिले हैं। शुक्रवार तक एरिया स्टोर में मीटर उपलब्धता पर नजर डालें तो सिंगल फेस के 148 मीटर थे। थ्री फेस का एक भी नहीं। गुना के स्टोर में तो एक भी मीटर उपलब्ध नहीं है। इस कारण उपभोक्ताओं के मीटर नहीं बदल पा रहे हैं। कंपनी द्वारा रीजन के 3.84 लाख उपभोक्ताओं को बिना मीटर के बिल दिए जा रहे हैं।

वर्ष 2016-17 के लिए बिजली कंपनी ने लगभग 70 करोड़ की खरीद की। मेंटेनेंस के सामान पर खर्च किया गया, लेकिन मीटर खरीद पर प्रबंधन ने पैसा खर्च नहीं किया। सभी सर्कलों ने मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय को मीटर की जरूरत से अवगत कराया था, जिसके आधार पर मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय ने नए मीटर की डिमांड भोपाल भेज दी थी। वार्षिक क्रय योजना के 40 हजार मीटर उपलब्ध कराने थे, फिर भी नहीं मिले।

अगले महीने करना है आकलित खपत मुक्त

बिजली कंपनी को जनवरी से हर सर्कल को अपना एक-एक जोन आकलित खपत मुक्त करना है। ग्वालियर सिटी सर्कल में रोशनी घर जोन को आकलित खपत मुक्त करना है। इस जोन में भी 400 उपभोक्ताओं के मीटर खराब बताकर आकलित खपत दी जा रही है।

मीटर नहीं लगने से उपभोक्ता पर हो रही गलत बिलिंग

-उपभोक्ताओं ने मीटर बदलने के लिए जोन में आवेदन कर दिए हैं, लेकिन मीटर नहीं होने से उनके मीटर नहीं बदल पा रहे हैं, जिससे आकलित खपत के बिल दिए जा रहे हैं।

- नए कनेक्शन व लोड बढ़ाने के आवेदन भी कंपनी के पास लंबित हैं।

-मीटर फास्ट चलने की शिकायत करने वाले उपभोक्ताओं को दोहरी मार पड़ रही है, क्योंकि मीटर नहीं होने से घर से शीघ्र मीटर नहीं खोला जा रहा है।

हर महीने हो जाते हैं 10 फीसदी मीटर खराब

-कंपनी ने डिजिटल मीटर लगाए हैं। इन मीटरों को घर के बाहर लगाया है, जिसके चलते जल्दी खराब हो रहे हैं। हर महीने 10 फीसदी मीटर चलते खराब हो रहे हैं, लेकिन कंपनी उन्हें बदल नहीं पा रही है, जिसके चलते खराब मीटरों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है।

थ्री फेस मीटर की सबसे ज्यादा जरूरत

ग्वालियर सिटी सर्कल को थ्री फेस की सबसे ज्यादा जरूरत है। स्टोर में मीटर नहीं होने की वजह से उपभोक्ताओं का लोड नहीं बढ़ पा रहा है। नया कनेक्शन लेने में उपभोक्ता को परेशानी हो रही है, क्योंकि मीटर नहीं होने से उपभोक्ता को समय पर कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। सिटी सर्कल ने थ्री फेस के 5000 मीटर की डिमांड भेजी है, लेकिन जरूरत ज्यादा मीटरों की है।

मीटरों की स्थिति पर एक नजर

सर्कल खराब कनेक्शन के बाद मीटर नहीं

ग्वालियर सिटी 42423 0

ओएंडएम ग्वा. 43831 9979

गुना 15176 5500

शिवपुरी 120552 2420

श्योपुर 51506 24200

मुरैना 42363 3150

भिंड 68866 33151

खरीद प्रक्रिया चल रही है

- मीटर खरीद की प्रक्रिया चल रही है। खरीद होने के बाद जल्द स्टोर में जमा कराया जाएगा।

-मनोज द्विवेदी, पीआरओ बिजली कंपनी

Share This News :