Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
यूपी के डिप्टी सीएम ने कमलनाथ को दिया कुंभ में आने का न्योता, राम मंदिर पर बोली ये बात

भोपाल। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें प्रयागराज( Prayagraj Kumbh 2019) में लग रहे अर्धकुंभ में आने का न्योता दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि, "मैंने आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जनता की तरफ से मध्य प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता और सीएम को अर्धकुंभ में आने का निमंत्रण दिया है।यूपी के डिप्टी सीएम ने बताया कि, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ से हुई मुलाकात में उन्होंने मेला क्षेत्र में एमपी की प्रदर्शनी लगाने की इच्छा जताई थी। इसके लिए अफसरों को निर्देश दिए जाएंगे कि वो मेला क्षेत्र में मध्य प्रदेश की प्रदर्शनी लगाने के लिए स्थान दें। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम मौर्य ने दावा किया कि इस बार 12 करोड़ से अधिक श्रद्धालु अर्धकुंभ में शामिल होंगे। इतना ही नहीं उन्होंने यूनेस्को की सांस्कृतिक विरासत में कुंभ को शामिल करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की।वहीं राम मंदिर के मुद्दे पर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि, "फिलहाल ये मसला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। ऐसे में उन्होंने साफ किया कि, जब भी कोर्ट का फैसला आएगा, राम लला की जन्म भूमि पर भव्य मंदिर बनेगा। वहां पर बाबर के नाम की एक भी ईंट नहीं रखी जाएगी। वहीं हनुमानजी की जाति को लेकर चल रहे विवाद में वो बचते दिखे। उन्होंने कहा कि, हनुमान जी भगवान थे।

वहीं कुंभ में आने वाले अखाड़ों के स्नान और सुविधाओं को लेकर होने वाले विवाद को लेकर उन्होंने साफ कर दिया कि यूपी सरकार अखाड़ों के बीच नहीं पड़ेगी। संत ही तय करेंगे कि उन्हें क्या करना है। सरकार सिर्फ कुंभ की सुरक्षा और जनता की व्यवस्था का ध्यान रखेगी।

बता दें कि प्रयाग राज में 15 जनवरी से कुंभ मेले की शुरुआत हो रही है, जो महाशिवरात्रि तक चलेगा। अर्धकुंभ का पहला शाही स्नान 15 जनवरी को होगा।

इस वर्ष कुम्भ में 192 देशों के लोग हिस्सा लेंगे।

4300 करोड़ रुपए का बजट है।

-1 लाख 20 हज़ार से ज्यादा शौचालय का निर्माण किया गया है।

 

-पूरे मेला क्षेत्र को CCTV से लैस किया है।

-15 जनवरी को पहला शाही स्नान होगा।

 

-12 करोड़ से अधिक लोग कुम्भ में हिस्सा लेंगे।

-मेला क्षेत्र में 250 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया है।

 

-22 पुलों का निर्माण भी किया है।

-40 हजार एलईडी लाइट लगाई जाएगी।

 

 

Share This News :