Home > अपना शहर ,
जनप्रतिनिधियों से चर्चा जिले की विकास योजनाओं में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित होगी – - उपाध्यक्ष श्री कश्यप

जिले की विकास योजनाओ में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके, इसके लिये राज्य योजना आयोग द्वारा नए सिरे से प्रयास प्रारंभ किए जायेंगे। यह बात राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष श्री चेतन्य कुमार कश्यप द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में जिला योजना समिति के सदस्यों से चर्चा के दौरान कही। चर्चा में जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव, प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा सहित भिण्ड, मुरैना, शिवपुरी, ग्वालियर जिलों के जिला योजना समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।

राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष श्री कश्यप ने कहा कि राज्य की योजना, जिले की योजनाओं से मिलकर बनेगी। जिला योजना के लिए गांव की परिस्थितियों और गांव में अगले 15 साल की जरूरतों, संसाधनों को ध्यान में रख योजना बनाना है। उन्होंने कहा कि योजना आयोग द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में पारदर्शी ढंग से विशेषज्ञ का चयन कर नियुक्ति की जायेगी। विशेषज्ञ जिले के स्थानीय परिवेश और अगले 15 साल को नजर में रख योजना बनाने में सलाह देंगे। हर जिले को योजनाओं की डीपीआर सहित पूरी तरह से योजना को तैयार करने के लिए प्रत्येक जिले को एक-एक करोड़ रूपये उपलब्ध कराये जायेंगे। 

जिला स्तर पर योजनायें तैयार करने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सलाह-मश्वरा अवश्‍य रूप से लिया जाए। राज्य योजना आयोग यह भी सुनिश्चित करेगा। योजना तैयार करने में पारदर्शिता और उनके क्रियान्वयन में ईमानदारी के साथ प्रयास हों। इसके लिये भी राज्य योजना आयोग प्रयास कर रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जिला योजना समिति के माध्यम से अपने सुझाव प्रेषित करने के लिये कहा।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य सदस्यों द्वारा क्षेत्र की आवश्यकताओं और योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में अपने विचार रखे।

Share This News :