Home > अपना शहर ,
वायुसेना के सैनिक आज मार्च निकालकर देंगे शहरवासियों को स्वच्छता का संदेश

वायुसेना के जाबांज केवल देश की रक्षा का काम ही नहीं करते, वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े रचनात्मक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर योगदान देते हैं। इसी क्रम में वायुसेना स्टेशन महाराजपुरा के वायु सैनिक स्वच्छ भारत मिशन के तहत 03 दिसम्बर को मार्च (जुलूस) निकालकर शहरवासियों को स्वच्छता का संदेश देंगे। यह मार्च दो टुकड़ियों में निकलेगा। प्रत्येक टुकड़ी में 400 – 400 वायु सैनिक शामिल होंगे।

प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने डीएसपी यातायात को मार्च पास्ट के लिये निर्धारित मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। श्री वर्मा ने बताया कि स्वच्छता का संदेश देने के लिये वायु सैनिकों की पहली टुकड़ी प्रात: 10 बजे ऑफीसर मैस रेसीडेंसी से गोले के मंदिर चौराहा तक मार्च पास्ट करेगी। इसी तरह दूसरी टुकडी भी प्रात: 10 बजे से जयेन्द्रगंज चौराहा से शुरू होकर स्वच्छता का संदेश देते हुए डीडी मॉल तक पहुँचेगी।

वायु सेना स्टेशन महाराजपुरा के मुख्य प्रशासनिक ऑफीसर ग्रुप कैप्टन श्री संदीप बिश्नोई के मुताबिक स्वच्छ भारत मिशन के तहत रक्षा मंत्रालय के दिशा-निर्देशानुसार वायुसेना स्टेशन द्वारा भी 01 से 15 दिसम्बर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी के तहत यह नवाचार किया गया है।

Share This News :