Home > राज्यो से ,
अपनी छवि में कैद हैं मोदी, करते हैं टीआरपी पॉलिटिक्सः राहुल

कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। पहली बार कांग्रेस संसदीय दल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान को लेकर मोदी सरकार की नीति फेल हो गई है। साथ ही नगरोटा के सेना कैंप पर हुए आतंकी हमले के लिए भी सरकार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। राहुल गांधी ने मांग की है कि सरकार को इस लापरवाही के लिए माफी मांगनी चाहिए।

बैठक में नगरोटा आतंकी हमले में शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी गई। राहुल गांधी का कहना है कि जिस तरह आतंकी बिना किसी रोक टोक के सेना के कैंपों में घुस रहे हैं। वो ये बताने के लिए काफी है कि हमारी सुरक्षा व्यवस्था में कहीं न कहीं चूक हो रही है। राहुल ने पीएम मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी टीआरपी वाली राजनीति करते हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि हमने देश को कभी ऐसा प्रधानमंत्री नहीं दिया जो अपने व्यक्तित्व की रक्षा के लिए लोगों को इतना कष्ट दे रहा है। सरकार अब एक सुसंगत रणनीति बनानी चाहिए, हमें कहा गया था कि सर्जिकल स्ट्राइक बॉर्डर पर होने वाले हमलों को रोकने के लिए किया गया है लेकिन इसके बाद भी देश पर 21 बड़े हमले और सैकड़ों सीजफायर उल्लंघन हो चुके हैं। वहीं शख्स जो हमारा मजाक उड़ाता था आज कश्मीर जलने पर शांत बैठा है।

इतिहास में पीएम मोदी का आकलन ऐसे शख्स के रूप में किया जाएगा जिसने बीजेपी- पीडीपी के अवसरवादिता से भरे गठबंधन के जरिए देशविरोधी तत्वों को बढ़ावा दिया। उन्होंने आगे कहा कि पीएम ने एक राजनीतिक शून्यता को जन्म दिया है जिसने आतंकवाद को बढ़ावा दिया है। लेकिन इसकी कीमत कौन चुका रहा है? ना प्रधानमंत्री और ना ही रक्षा मंत्री।

Share This News :