Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
जिस बंगले को शिवराज सरकार ने कराया था खाली, अब वही बनेगा दिग्विजय का नया 'आशियाना'

मध्य प्रदेश में नई सरकार बनते ही बंगला मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को उनका पुराना बंगला फिर से आवंटित कर दिया गया है. श्यामला हिल्स का B1 बंगला दिग्विजय सिंह को दोबारा आवंटित किया गया है. पिछली बीजेपी सरकार ने 19 अगस्त को दिग्विजय सिंह ने बंगला खाली कराया था. उस समय नियम प्रक्रियाओं का हवाला दिया गया था. और उसी नियम के तहत उमा भारती और बाबूलाल गौर का बंगला बरकरार रखा था.दरअसल, उस समय काफी सियासी घमासान मचा था जब शिवराज सरकार द्वारा दिग्विजय सिंह को बंगला खाली करने का आदेश दिया गया था. दिग्विजय सिंह ने शिवराज सरकार से आग्रह भी किया था कि उन्हें ऑफिस के लिए बंगला आवंटित कर दिया जाए. इस मामले में दिग्विजय सिंह ने मुख्य सचिव को पत्र पर लिखा था लेकिन इस पत्र पर सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया था और बंगला खाली करना पड़ा था.

वहीं अब जानकारी के अनुसार दिग्विजय सिंह के बंगले पर रिनोवेशन का काम भी फिर से शुरू हो चुका है. पुराने बंगले में बैठकर दिग्विजय सिंह लोकसभा चुनाव की रणनीति तैयार करेंगे. इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी बंगला आवंटित हुआ है. उन्हें प्रोफेसर कॉलोनी में बी 7, सिविल लाइन बंगला आवंटित किया गया है. इस बंगले के लिए शिवराज सिंह चौहान को हर महीने 3 हजार रुपए देने होंगे.

बता दें कि नई सरकार ने पुराने विधायकों को भी बंगला खाली करने का आदेश दे दिया था. 119 पूर्व विधायकों को आवास खाली करने के लिए विधानसभा सचिवालय ने नोटिस भेजे थे, हालांकि अभी तक सभी विधायकों ने बंगले खाली नहीं किए हैं. यह आदेश करीब 10 से 15 दिन पहले भेजा गया था.

Share This News :