Home > अपना शहर ,
“विकास एवं जन कल्याण के 11 वर्ष पूर्ण” 12 दिसम्बर को मुरैना में होगा महिला सशक्तिकरण सम्मेलन

करोड़ों रूपए के विकास कार्यों का मुख्यमंत्री करेंगे भूमि पूजन एवं लोकार्पण

25 हजार से अधिक महिलायें होंगी एकत्रित 

ग्वालियर एवं चंबल संभाग के आयुक्तों ने की तैयारियों की समीक्षा

प्रदेश में विकास एवं जन कल्याण के 11 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशभर में आयोजन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन का आयोजन ग्वालियर एवं चंबल संभाग के जिलों के लिये मुरैना जिला मुख्यालय पर 12 दिसम्बर को आयोजित किया जायेगा। इस आयोजन में महिला सशक्तिकरण क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 50 से अधिक महिलाओं को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही करोड़ों रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन भी किया जायेगा।

सम्मेलन में ग्वालियर एवं चंबल संभाग के जिलों से 25 हजार से अधिक महिलायें एकत्रित होंगी। इस सम्मेलन को सफल और व्यवस्थित सम्पन्न कराने के लिये आज ग्वालियर संभाग के आयुक्त श्री एस एन रूपला एवं चंबल संभाग के आयुक्त श्री शिवानंद दुबे ने संयुक्त रूप से मुरैना संभागीय कार्यालय के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक की। बैठक में संभाग के अधिकारियों को महिला सम्मेलन के आयोजन के संबंध में महत्वपूर्ण जवाबदारियाँ भी सौंपी गईं।

बैठक में चंबल संभाग के पुलिस महानिरीक्षक श्री उमेश जोगा, मुरैना कलेक्टर श्री विनोद शर्मा, श्योपुर कलेक्टर श्री अभिजीत अग्रवाल, ग्वालियर के अपर कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय, मुरैना पुलिस अधीक्षक श्री विनीत खन्ना, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास श्री सुरेश शर्मा, संयुक्त संचालक महिला सशक्तिकरण श्री एस के शर्मा सहित जिलों के महिला एवं बाल विकास अधिकारी और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

चंबल संभाग के आयुक्त श्री शिवानंद दुबे ने कहा कि ग्वालियर एवं चंबल संभाग के सभी जिलों की महिलाओं को मुरैना लाने हेतु जिला कलेक्टर अपने स्तर से व्यवस्था करें तथा बसों के माध्यम से 12 दिसम्बर को प्रात: 11 बजे तक मुरैना में कार्यक्रम स्थल स्टेडियम पर एकत्रित होने हेतु निर्देशित करें। उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टर सभी बसों के लिये एक-एक प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति भी करें। इसके साथ ही जिलों से आने वाली बसों में महिलाओं के लिये भोजन की व्यवस्था भी कलेक्टर अपने स्तर से करें। इसके लिये शासन स्तर से आवंटन प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि आयोजन की व्यवस्थाओं के लिये प्रत्येक जिले से दो डिप्टी कलेक्टर की नियुक्ति करने की व्यवस्था भी करें, ताकि जिलों से आने वाली महिलाओं की व्यवस्थाओं में इनका सहयोग लिया जा सके।

ग्वालियर संभाग के आयुक्त श्री एस एन रूपला ने कहा कि मुरैना में आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन के लिये ग्वालियर संभाग से भी अधिक से अधिक महिलाओं को कार्यक्रम में लाने की व्यवस्था की जायेगी। इसके लिये ग्वालियर जिला अग्रणी भूमिका निभाए। ग्वालियर से 5 हजार तथा अन्य जिलों से एक-एक हजार इस प्रकार 9 हजार महिलाओं को कार्यक्रम में पहुँचाने की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर से कहा कि कार्यक्रम के लिये समय रहते सभी व्यवस्थायें कर ली जाएँ। इसके लिये जिला स्तर से एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाए। नोडल अधिकारी अपने स्तर से सभी व्यवस्थायें कर संभागीय आयुक्त कार्यालय को भी अवगत कराए।

बैठक में मुरैना कलेक्टर श्री विनोद शर्मा ने बताया कि जिले का मुख्य समारोह स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा। वाहनों की व्यवस्था स्टेडियम के पीछे मण्डी परिसर में की जायेगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर ही विभागीय प्रदर्शनी भी लगाई जायेंगी। जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रदेश स्तरीय प्रदर्शनी लगाई जा रही है। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग भी अपनी प्रदर्शनी लगायेगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तर से फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ग्वालियर-चंबल संभाग में किए गए उल्लेखनीय कार्यों का एक फोल्डर भी तैयार कर कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से विमोचन कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए स्टेडियम एवं उसके बाहर भी एलईडी स्क्रीन लगाई जायेंगी। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जायेंगे।

कलेक्टर श्री विनोद शर्मा ने बताया कि यातायात तथा पार्किंग व्यवस्था की जवाबदारी एडीएम एवं एडिशनल एसपी को सौंपी गई है। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली ग्वालियर-चंबल संभाग के प्रत्येक जिलों की 5–5 महिलाओं को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित कराया जायेगा।

Share This News :