Home > अपना शहर ,
शासकीय सम्पत्ति पर बिना अनुमति विज्ञापन करने वालों पर दो लाख रूपए से अधिक का जुर्माना

बिना अनुमति शासकीय सम्पत्ति को विरूपित करने वाली चार संस्थाओं पर 2 लाख 19 हजार रूपए का अर्थदण्ड एसडीएम झाँसी रोड़ श्री महिप तेजस्वी द्वारा लगाया गया है।

      मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता 1959 के प्रावधानों के तहत यदि कोई व्यक्ति कोई भी भूमि या सम्पत्ति पर भू-स्वामी की सहमति के बिना उसका व्यवसायिक उपयोग करता है तो उस पर भूमि के बाजार मूल्य का 20 प्रतिशत तक अर्थदण्ड संबंधित राजस्व अधिकारी को लगाने का अधिकार है। इसी अधिकार के तहत एसडीएम श्री महिप तेजस्वी द्वारा केएस ग्रुप ऑफ कॉलेज गुढ़ा गुढ़ी का नाका लश्कर द्वारा जीवाजी विश्वविद्यालय की दीवाल पर 100 वर्गफुट का विज्ञापन प्रचारित किए जाने पर एक लाख 11 हजार 480 रूपए, ग्राम मेहरा में शासकीय परेड में नजूल के नाम से दर्ज भूमि की दीवाल पर डे-केयर झूलाघर बजरंग कॉलोनी जिला ग्वालियर द्वारा 9 वर्गफुट का विज्ञान प्रकाशित करने पर 9 हजार 960 रूपए, सुभाषचंद्र बोस कॉलेज गोविंदपुरी द्वारा मौसम विभाग उच्च स्तरीय शासकीय कार्यालय की दीवार पर 48 वर्गफुट का विज्ञापन प्रचारित करने पर 53 हजार 520 रूपए तथा डॉ. राज भिंडिया, सारथी स्मार्ट क्लासेस मयूर मार्केट ठाठीपुर द्वारा शासकीय परेड नजूल के नाम से अंकित दीवार पर स्मार्ट क्लासेस का विज्ञापन 40 वर्गफुट में प्रकाशित किए जाने पर 44 हजार 520 रूपए का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया है।

      शासकीय सम्पत्तियों पर बिना भू-स्वामी की अनुमति के दीवार लेखन आदि सामग्री प्रसारित कराए जाने पर एसडीएम न्यायालय में प्रकरण दर्ज किए गए थे। उक्त पक्षकारों को यह भी निर्देशित किया गया है कि वे 10 दिवस के भीतर यह राशि जमा कराना सुनिश्चित करें अन्यथा एक हजार रूपए प्रति दिन के मान से अतिरिक्त अर्थदण्ड लगाया जायेगा।

Share This News :