Home > अपना शहर ,
दवाईयाँ खत्म होने से पहले ही दवाईयों की व्यवस्था हो जाए

कैथलेव स्थापित कराने की कार्यवाही में गति लाई जाए

कमिश्नर श्री रूपला ने मेडीकल कॉलेज के विभागाध्यक्षों को दिए निर्देश

जेएएच और केआरएच के इनडोर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधायें उपलब्ध कराने तथा दोनों चिकित्सालयों में बुनियादी सुविधायें उपलब्ध कराने के लिये ग्वालियर संभाग के कमिश्नर एवं गजराराजा मेडीकल कॉलेज की स्वशासी संस्थान के चेयरमेन श्री शिवनारायण रूपला ने बुधवार को मेडीकल कॉलेज के सभागार में बैठक आयोजित की।

      बैठक को संबोधित करते हुए कमिश्नर श्री रूपला ने जेएएच से जुड़े चिकित्सक डॉ. अमित जैन को स्पष्ट निर्देश दिए कि दोनों चिकित्सालयों में दवाईयाँ खत्म होने से पहले ही दवाईयाँ खरीद कर दवाईयों की पर्याप्त व्यवस्था रहे। कमिश्नर ने कहा कि इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। अगर सेंट्रल स्टोर से महीनेभर या 15 दिवस में दवाईयाँ सप्लाई करता है तो दवाईयों का ऑर्डर पहले की चला जाए। दवाईयों की कमी नहीं रहना चाहिए।

      कमिश्नर ने दवाईयों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए 161 दवाओं में से 120 दवाइयों की उपलब्धता पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि दवाईयों की उपलब्धता में क्यों कमी आई। कमिश्नर श्री रूपला ने अधीक्षक डॉ. सिकरवार को सेंट्रल स्टोर के नोडल ऑफीसर डॉ. अमित जैन को स्पष्टीकरण मंगाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि 161 दवाईयों के अतिरिक्त यदि किसी दवा की आवश्यकता है तो विभागों द्वारा पत्र भेजे जाने पर कॉर्पोरेशन में उपलब्ध दवाईयों की अनुमोदित दर के आधार पर दवा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में दवाईयाँ कम नहीं होना चाहिए। बैठक में कैथलेब की स्थापना पर विस्तार से चर्चा करते हुए कमिश्नर ने डॉ. रस्तोगी को निर्देश दिए कि कैथलेब की स्थापना की कार्यवाही में गति लाई जाए।

      बाल रोग विभाग के एसएनसीयू, पीआईसीयू में स्थापित ऑक्सीजन गैस पाईप के नवीनीकरण हेतु 7 लाख 80 हजार के प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए बताया गया कि स्वीकृति डीएमई से शीघ्र प्राप्त हेतु प्रशासकीय अधिकारी को निर्देशित किया है। बैठक में समीक्षा के दौरान बताया गया कि मनोरोग विभाग के माधव डिस्पेंसरी के ऊपर शिफ्ट किए गए मनोरोग विभाग में लाईट फिटिंग का पुन: टेण्डर किया गया है। यह कार्य भी शीघ्र करा लिया जायेगा। बैठक में पूर्व में खरीदे गए गद्दों के अलावा और गद्दों खरीदी पर भी चर्चा की गई। बैठक में गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिये दो स्मार्ट क्लास स्थापित करने के मसले पर डॉ. अचल गुप्ता ने कहा कि कलेक्टर की स्वीकृति होना शेष है।

बैठक में बताया गया कि केआरएच की पुरानी बर्न यूनिट में विद्युत व्यवस्था के लिये प्रस्तुत प्राक्कलन रूपए एक लाख 85 हजार की स्वीकृति प्राप्त कर ली गई है। सेंट्रल पैथोलॉजी लैब एवं बायोकेमिस्ट्री लैब के बीच जारी करने हेतु टेण्डर कर लिया गया है। नेत्र रोग विभाग की ओपीडी के विस्तार के लिये भी 54 लाख 26 हजार रूपए स्वीकृति का प्रस्ताव डीएमई को भेजा गया है। बैठक में एलपीए लैब की विद्युत व्यवस्था का भी पृथक से स्टीमेट बनाने के निर्देश विद्युत यांत्रिकी के कार्यपालन यंत्री को दिया गया।

कार्यपालन यंत्री ईएण्डएम के कार्यों पर अप्रशंसा व्यक्त की

      केआरएच के फ्रीमेल सर्जीकल वार्ड की विद्युत का जनरेटर से कनेक्शन करने के लिये जनरेटर को शिफ्ट करने के प्रस्ताव पर पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने पर कमिश्नर श्री रूपला ने ईएण्डएम के कार्यपालन यंत्री श्री वर्मा के कार्यों पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी बैठक तक अगर यह काम नहीं किया गया तो संबंधित के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी।

Share This News :