Home > अपना शहर ,
उपनगर ग्वालियर के प्रमुख चौराहों व पार्कों का सौंदर्यीकरण जल्द शुरू करें – श्री पवैया

उच्च शिक्षा मंत्री ने की ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा

सभी पात्र हितग्राहियों को जन कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर दिया जोर

उपनगर ग्वालियर क्षेत्र के तीन प्रमुख चौराहों का  सुनियोजित ढ़ंग से सौंदर्यीकरण किया जायेगा। साथ ही आनंदनगर व रामदासघाटी क्षेत्र के पार्क भी अत्याधुनिक ढंग से विकसित किए जायेंगे। उच्च शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने आज नगर निगम के अधिकारियों की बैठक लेकर इन कार्यों को जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

श्री पवैया ने यह भी कहा कि आगामी अप्रैल माह से पहले ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र की सीवर व पेयजल समस्याओं का निदान और मुख्य मार्गों की मरम्मत भी हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नगर उदय अभियान के दौरान शतप्रतिशत पात्र हितग्राहियों के जन कल्याणकारी योजनाओं के कार्ड बनाने पर भी विशेष जोर दिया। उच्च शिक्षा मंत्री ने खासतौर पर जन संवाद यात्रा और उनके द्वारा नगर निगम आयुक्त के साथ किए गए क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय निवासियों द्वारा बताई गईं समस्याओं और माँगों के निराकरण पर अब तक हुई कार्रवाई की इस बैठक में समीक्षा की। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी, अपर आयुक्त वित्त श्री पालिया, उप आयुक्त श्री गौर तथा अधीक्षण यंत्री श्री आर एल एस मौर्य सहित ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों के जोनल ऑफीसर एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। 

बुधवार को यहाँ बाल भवन के सभाकक्ष में आयोजित हुई बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने कहा कि उपनगर ग्वालियर क्षेत्र के अंतर्गत बहोड़ापुर, किलागेट व चार शहर का नाका चौराहों का इस तरह से सौंदर्यीकरण कराएँ, जिससे यह चौराहे आकर्षक लगें, साथ ही आवागमन भी सुगम हो। नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी ने जानकारी दी कि किलागेट चौराहे के सौंदर्यीकरण के लिये आर्किटेक्ट से एस्टीमेट तैयार करा लिया गया है। ई-टेण्डर प्रक्रिया के माध्यम से इसका काम जल्द शुरू कराया जायेगा। इसी तरह बहोड़ापुर व चार शहर का नाका चौराहे के सौंदर्यीकरण के एस्टीमेट भी तैयार कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन चौराहों पर हाईमास्क भी लगाए जा रहे हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने आनंदनगर के बड़े पार्क में झील सहित योगा, चिल्ड्रन व जॉगिंग ट्रैक तैयार कराने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि इस पार्क के सौंदर्यीकरण के लिये डीपीआर तैयार करा ली गई है। आनंदनगर के बड़े पार्क सहित रामदास घाटी, आनंदनगर सेक्टर नं.4 सहित इस क्षेत्र के अन्य पार्कों का सौंदर्यीकरण अमृत योजना के ग्रीन बेल्ट के तहत कराया जायेगा। नगर निगम आयुक्त ने जानकारी दी कि संभवत: मार्च-अप्रैल तक इन पार्कों के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो जायेगा।

विधायक निधि से भी लगेंगी स्ट्रीट लाईट

      ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के सभी गली मोहल्लों में स्ट्रीट लाईट लगवाने पर भी श्री पवैया ने विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि यदि धन की वजह से सभी गली मोहल्लों में स्ट्रीट लगवाने में दिक्कत आ रही है तो विधायक निधि से भी इसके लिये धनराशि मुहैया कराई जायेगी। उन्होंने जिन शेष पोलों पर स्ट्रीट लगाई जानी हैं, उनकी सूची माँगी है।

रोप-वे निर्माण की भी ली जानकारी

      उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने बारादरी फूलबाग के समीप से किले तक प्रस्तावित रोप-वे निर्माण की जानकारी भी बैठक में ली। नगर निगम आयुक्त श्री द्विवेदी ने बैठक में जानकारी दी ‍िक रेलवे व एयर फोर्स से अपेक्षित एनओसी मिलने पर सैद्धांतिक सहमति बन गई है। उन्होंने बताया कि रोप-वे का काम भी जल्द शुरू होगा।

यह भी निर्देश दिए

  • दिसम्बर तक ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र को कराएँ खुले में शौच मुक्त। श्री पवैया ने निर्देश दिए कि पुराने सामुदायिक शौचालयों की कराएँ मरम्मत और जरूरत के मुताबिक नए शौचालय परिसरों का कराएँ निर्माण।
  • बहोड़ापुर चौराहे से सागरताल चौराहा तक मंजूर सड़क निर्माण की बाधायें दूर कर तत्परता से काम शुरू कराएँ।
  • लगभग 2 करोड़ की लागत से मंजूर पड़ाव से मलगढ़ा सड़क मार्ग का निर्माण जल्द शुरू कराएँ।
  • विधायक निधि से मंजूर नलकूप खनन का काम जल्द से जल्द शुरू हो।
  • काशी नरेश वाली गली आनंदनगर के ए व बी ब्लॉक, आनंदनगर चौराहे से ट्रांसपोर्ट नगर व वार्ड नं.8 में चौड़े हनुमान सड़क तक सड़कों का निर्माण भी तत्परता से शुरू कराया जाये।
  • रेलवे गेट लक्ष्मणपुरा से रेलवे ओव्हरब्रिज तक कराएँ सड़क का निर्माण
  • सिंधियानगर-रामपुरी सहित वार्ड-8, 23 व 31 में टंकियों के निर्माण से पहले पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें।
  • वार्ड नं.8 के अंतर्गत सीवर व जल भराव की समस्या का निदान तत्परता से हो।
  • नगर उदय अभियान के दौरान पात्र हितग्राहियों को विशेष शिविर लगाकर बांटे जाएँ जन कल्याणकारी योजनाओं के कार्ड व स्वीकृति पत्र।

Share This News :