Home > अपना शहर ,
कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिये चलाया जायेगा जागरूकता अभियान जिला प्रशासन ने बैंकर्स के साथ की बैठक

कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिये जिला प्रशासन द्वारा शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जायेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग कैशलेस व्यवस्था को अपनायें।

      भारत सरकार द्वारा कैशलेस व्यवस्था के लिये जारी निर्देशों के पालन हेतु प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा की अध्यक्षता में आज एक बैठक आयोजित कर इसकी रणनीति बनाई गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय तथा लीड बैंक अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

      प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज सिंह ने बैठक में कहा कि कैशलेस व्यवस्था हेतु जिले की सभी अधिकारियों को जिला प्रशासन द्वारा प्रति सोमवार होने वाली समन्वय समिति की बैठक में प्रक्रिया का प्रस्तुतीकरण किया जायेगा। इसके साथ ही महाविद्यालयों, विद्यालयों के लिये नोडल अधिकारी नियुक्त किए जायेंगे। यह नोडल अधिकारी अपने-अपने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अधिक से अधिक लोगों को कैशलेस व्यवस्था का उपयोग करने का तरीका बताने के साथ ही इस व्यवस्था से जुड़ने का आह्वान करेंगे।

      बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन शासकीय कार्यालयों में प्रतिदिन पैसे का लेन-देन होता है उन कार्यालयों में भी कैशलेस को अपनाने पर जोर दिया जायेगा। इसके साथ ही पंचायत स्तर पर भी कैशलेस व्यवस्था के संबंध में प्रचार-प्रसार करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित जनमित्र केन्द्रों के माध्यम से भी लोगों को जानकारी दी जायेगी। पंचायतों में उपलब्ध कम्प्यूटर पर सीडी के माध्यम से लोगों को समझाईश दी जायेगी और इसको अपनाने की विधि बताई जायेगी।

      प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने कहा कि कैशलेस व्यवस्था के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिये निगम द्वारा शहर में लगाई गई एलईडी पर भी प्रदर्शन किया जायेगा। इसके साथ ही आकाशवाणी, दूरदर्शन, समाचार-पत्रों, लोकल चैनल के माध्यम से भी लोगों में जन जागृति लाने का कार्य किया जायेगा।

      बैठक में लीड बैंक अधिकारी को भी कहा गया कि सभी बैंकों के माध्यम से भी कैशलेस व्यवस्था को अधिक से अधिक लोगों को बताने की दिशा में पहल की जाए।

कैशलेस व्यवस्था हेतु इनका करें उपयोग

  • एटीएम
  • मोबाइल बैंकिंग
  • इंटरनेट बैंकिंग
  • मोबाइल पेटीएम
  • आधारकार्ड लिंकिंग के आधार पर 

Share This News :