Home > अपना शहर ,
जैविक संपदा के संरक्षण के लिये बनाई जा रही कार्य योजनाओं को अंतिम रूप दें – कमिश्नर श्री रूपला

ईको रीजन जैव विविधता तकनीकी समर्थन समूह की बैठक आयोजित

जैविक संपदा और पर्यावरण के लिहाज से उपयोगी जैव विविधता के संरक्षण के लिये बनाई जा रही कार्य योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाए। संबंधित विभागों के अधिकारी ऐसी वनस्पतियों एवं जीवों के संरक्षण के प्रस्ताव तैयार करें, जो विलुप्त होने की कगार पर हैं। यह बात ग्वालियर संभाग के कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला ने ग्वालियर चंबल ईको रीजन जैव विविधता तकनीकी समर्थन समूह की बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक में मुख्य वन संरक्षक श्री पंकज अग्रवाल, संयुक्त आयुक्त विकास श्री बी एस जाटव भी मौजूद थे।

      कमिश्नर श्री रूपला ने ग्वालियर चंबल अंचल की भदावरी नस्ल की भैंसों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा यह नस्ल देशभर में सर्वाधिक फैट (वसा) दूध देने वाली नस्लों में से एक है। श्री रूपला ने इस नस्ल के संरक्षण के लिये प्रस्ताव तैयार करने के लिये निर्देश संयुक्त संचालक पशुपालन को दिए। बैठक में संयुक्त संचालक मत्स्य को भी निर्देश दिए गए कि कूनो नदी के मत्स्य संरक्षण के लिये भी कार्य योजना तैयार करके योजना को अंतिम रूप दें।

      बैठक में तय किया गया कि दोनों संभागों के जिलों में एक-एक ऐसे स्थानों का चयन किया जाए, जहाँ उस जिले में लुप्तप्राय होने वाली वनस्पतियों एवं जीवों के संरक्षण की अत्यंत आवश्यकता हो। जैसे मुरैना जिले में घड़ियाल संरक्षण हेतु देवरी ग्वालियर में वोटनीकल गार्डन, ग्वालियर के तपोवन में वोटनीकल गार्डन भी बनाया जा सकता है। श्योपुर के कूनों में मछलियों के लिये सर्वे कराया जा सकता है। यूनिवर्सिटी में नक्षत्रवार पौधें का रोपण कराने पर भी चर्चा की गई।

      ग्वालियर चंबल संभाग में जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में अब तक हुए कार्यों पर भी चर्चा हुई। संभाग के कमिश्नर कक्ष मोतीमहल में आयोजित हुई बैठक में वन, पशुपालन, मत्स्य कृषि व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Share This News :