Home > अपना शहर ,
अब सुचारू रूप से हो सकेगा फूलाबाई का इलाज जन-सुनवाई ने दिया सहारा

कैंसर की बीमारी से जूझ रहीं फूलाबाई का इलाज अब सुचारू रूप से हो सकेगा। प्रदेश सरकार की पहल पर आयोजित हो रही जन-सुनवाई ने उन्हें सहारा दिया है। प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने राज्य बीमारी सहायता निधि से फूलाबाई के इलाज के लिये आर्थिक सहायता मंजूर करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए हैं। कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में पहुँचे अन्य जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम भी श्री वर्मा ने कराया।

      गिरिराजजी मंदिर के समीप स्थित बाथम धर्मशाला क्षेत्र की निवासी श्रीमती फूलाबाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में मदद की आस में पहुँचीं थीं। उन्होंने प्रभारी कलेक्टर श्री वर्मा को अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि दूसरों के घरों में काम करके हम अपने परिवार का गुजारा चलाते हैं। ऐसी विपरीत परिस्थितियों में कैंसर का इलाज कराने में असमर्थ हूँ। श्री वर्मा ने उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि मुख्यमंत्री घरेलू कामकाजी महिला योजना के कार्ड के आधार पर राज्य बीमारी सहायता निधि से इलाज के लिये आर्थिक मदद‍ दिलाई जायेगी।

      जन-सुनवाई में मदद की आस में पहुँचीं गोल पहाड़िया निवासी श्रीमती कलावती, मोहना निवासी किडनी से पीड़ित बच्चे गुलाब सिंह के इलाज और मंग्लेश्वर रोड़ घासमण्डी निवासी श्री विजय कुमार पाण्डेय को भी प्रभारी कलेक्टर श्री वर्मा ने रेडक्रॉस से आर्थिक मदद दिलाई।

      कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में इस बार कुल 215 फरियादी पहुँचे। प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी श्री रिंकेश वैश्य व श्री गणेश जायसवाल सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्यायें सुनीं। साथ ही उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।

Share This News :