Home > अपना शहर ,
सास-बहू मंदिर की थीम पर बने भव्य एवं आकर्षक मंच पर सजेंगीं संगीत सभायें

इस बार 9 संगीत सभायें : अंतिम सभा गूजरी महल में होगी

पाँच दिनी तानसेन समारोह 16 दिसम्बर से

भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में देश के सर्वाधिक प्रतिष्ठित महोत्सव “तानसेन संगीत समारोह” की इस साल अलग ही छठा होगी। पाँच दिनी तानसेन समारोह का आयोजन संगीत की नगरी ग्वालियर में 16 से 20 दिसम्बर तक होगा। देश एवं विदेश से आ रहे ब्रम्हनाद के शीर्षस्थ साधक इन संगीत सभाओं में गान मनीषी तानसेन को स्वरांजलि अर्पित करेंगे।

इस बार के समारोह में कुल 9 संगीत सभायें होंगी। पहली 7 संगीत सभायें सुर सम्राट तानसेन की समाधि एवं मोहम्मद गौस के मकबरा परिसर में सास-बहू (सहस्त्रबाहू) मंदिर की थीम पर बनने जा रहे भव्य एवं आकर्षक मंच पर सजेंगीं। समारोह की आठवीं सभा सुर सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट में झिलमिल नदी के किनारे सजेगी। किला परिसर स्थित गूजरी महल को भी इस बार तानसेन समारोह से जोड़ा गया है। समारोह की नौवीं एवं आखिरी संक्षिप्त संगीत सभा 20 दिसम्बर को सायंकाल 8 बजे गूजरी महल में आयोजित होगी।

समारोह से एक दिन पहले हजीरा चौराहे पर “पूर्वरंग”

      संगीत सम्राट तानसेन की स्मृति में पिछले 91 वर्षों से आयोजित हो रहे प्रतिष्ठित तानसेन समारोह में इस बार एक और नवाचार होने जा रहा है। समारोह के शुभारंभ से एक दिन पहले यानि 15 दिसम्बर को तानसेन समारोह के “पूर्वरंग” का आयोजन होगा। सार्वजनिक तौर पर जन सामान्य के लिये आयोजित किए जा रहे पूर्व रंग में शास्त्रीय संगीत की पृष्ठभूमि से उपशास्त्रीय गायन प्रस्तावित है। पूर्वरंग का आयोजन हजीरा चौराहे पर किया जायेगा।

विश्व संगीत की प्रस्तुतियाँ होंगी आकर्षण का केन्द्र

      इस बार के संगीत समारोह में भी गत वर्ष की भाँति विश्व संगीत को भी शामिल किया गया है। समारोह में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विदेशी संगीत साधक प्रस्तुतियाँ देंगे। इनमें नार्वे, ईराक, इजराइल, बेल्जियम एवं स्विट्जरलैण्ड आदि देशों के स्थापित कलाकार शामिल हैं।

 

वादी-संवादी का आयोजन भी

      तानसेन समारोह की नियमित गतिविधि के रूप में स्थापित हो चुके “वादी-संवादी” का आयोजन भी इस साल होगा। वादी-संवादी का आयोजन 17 व 18 दिसम्बर को सायंकाल 3 बजे पड़ाव स्थित तानसेन कलावीथिका में होगा। इस आयोजन में देश के संगीत मनीषी अपने घराने की संगीतिक विशिष्टताओं के साथ-साथ स्वयं की संगीत साधना और अवदान से कला रसिकों को अभिभूत करते हैं। इस वर्ष संगीत पुराण, ग्वालियर गायिकी के सौंदर्य तत्व, तबला घरानों के विभिन्न बाज, तकनीक और सोच-विचार के साथ-साथ ख्याल गायिकी पर बातचीत होगी।

हरिकथा व मीलाद गायन से होगा शुभारंभ

      गान महर्षि तानसेन की स्मृति में आयोजित होने वाले "तानसेन समारोह'' के अपने अलग ही रंग हैं । समारोह के शुभारंभ दिवस को प्रात: काल में तानसेन की समाधि पर सामाजिक समरसता के सजीव दर्शन होते हैं । इस बार भी 16 दिसम्बर को प्रात: काल पारंपरिक रूप से हरिकथा व मीलाद के गायन के साथ "तानसेन समारोह'' का शुभारंभ होगा।

दस्तावेज एवं धरोहर प्रदर्शनी

      भारतीय शास्त्रीय संगीत को विश्व में गुंजायमान करने में तानसेन समारोह की सफल भूमिका रही है। पिछले विभिन्न तानसेन समारोह पर केन्द्रित कलात्मक छायाचित्रों की प्रदर्शनी भी पूर्व वर्षों की भाँति मुख्य समारोह स्थल पर 16 से 20 दिसम्बर तक  लगाई जायेगी। समारोह में प्रस्तुति दे चुके मूर्धन्य सुर साधकों के छायाचित्र “दस्तावेज” प्रदर्शनी में सजाए जायेंगे। इस प्रदर्शनी के माध्यम से कला रसिक तानसेन समारोह की पुरानी यादों की साक्षी बनेंगे।

रंग संभावना

      तानसेन समारोह के दौरान कलात्मक अभिव्यक्ति तथा ग्वालियर क्षेत्र की कला के प्रोत्साहन स्वरूप शासकीय ललितकला महाविद्यालय में “रंग संभावना” शीर्षक से प्रदर्शनी लगाई जायेगी। यह प्रदर्शनी कला प्रेमियों को अपनी कला के साक्षात्कार करने का माध्यम बनेगी। यह प्रदर्शनी 16 से 20 दिसम्बर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से जन सामान्य के लिये खुली रहेगी।

Share This News :