Home > अपना शहर ,
स्मार्टसिटी में अधोसंरचना ही नहीं अच्छे खान-पान स्थल भी जरूरी – श्रीमती माया सिंह

नगरीय विकास मंत्री ने अर्बन रसोई (पैगोड़ा) का किया शुभारंभ

स्मार्ट सिटी के लिये केवल अच्छी अधोसंरचना ही नहीं अपितु खान-पान एवं आनंद व मनोरंजन के भी अच्छे स्थल होना जरूरी है। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने रविवार को पैगोड़ा (अर्बन रसोई) के शुभारंभ कार्यक्रम में कही। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि ग्वालियर वासियों के लिये पैगोड़ा रेस्टोरेन्ट स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन मुहैया कराने में सफल होगा। पैगोड़ा का निर्माण नगर निगम द्वारा यहाँ मांढरे माता तिराहे के समीप कराया गया है। इसका संचालन ठेके पर दिया गया है।

      नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार मानकों के अनुरूप ग्वालियर शहर को स्मार्ट सिटी में तब्दील करने के लिये कटिबद्ध है। इस कड़ी में अत्याधुनिक अधोसंरचना जुटाने के साथ-साथ आमोद-प्रमोद, मनोरंजन एवं खान-पान के बेहतर स्थल भी शहर में स्थापित किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने भागदौड़ भरी जिंदगी में सुकून दिलाने के लिये अलग से आनंद मंत्रालय का गठन किया है।

      श्रीमती माया सिंह ने पैगोड़ा के संचालकों से कहा कि वे इस रेस्टोरेंट में भोजन को स्वादिष्ट बनाने के साथ-साथ पौष्टिकता का भी पूरा ध्यान रखें। उन्होंने कहा पौष्टिकता शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिये जरूरी है। नगरीय विकास मंत्री ने पैगोड़ा रेस्टोरेंट के संचालकों से कहा कि रेस्टोरेंट में ऐसा वातावरण मुहैया करायें, जिससे यहाँ शहरवासी अच्छे-अच्छे व्यंजनों का लुत्फ उठा सकें और उन्हें अपनापन भी महसूस हो।

      कार्यक्रम में पार्षद श्री धर्मेन्द्र राणा व श्री प्रदीप भगत ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद श्रीमती निधि कौरव एवं श्री नरेन्द्र त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पैगोड़ा के संचालकगण एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

  

Share This News :