Home > मनोरंजन ,
"ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान" का ट्रेलर जारी ,अमिताभ के खतरनाक स्टंट

लंबे इंतजार के बाद यशराज फिल्म्स ने 2018 की सबसे चर्चित फिल्म "ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान" का ट्रेलर यश चोपड़ा के जन्मदिन पर जारी कर दिया है. पहली बार अमिताभ बच्चन, आम‍िर खान के साथ किसी फिल्म में काम करते नजर आएंगे. इवेंट में कटरीना कैफ, फातिमा समेत कई कलाकार मौजूद रहे.

ट्रेलर में है क्या?

कहानी 1795 में ईस्ट इंडिया कंपनी के भारत आने के बाद शुरू होती है. कंपनी भारत में कारोबार करने के लिए आई है लेकिन वह लोगों को गुलाम बना रही है और भारत में शासन करना उसका एजेंडा है. कई लोग कंपनी के सिपाहियों के सामने झुक जाते हैं. लेकिन आजाद (अमिताभ बच्चन) को गुलामी कबूल नहीं. आजाद अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हैं. आजाद के गुरिल्ला हमलों से कंपनी का बहुत नुकसान होता है.

अंग्रेज अफसर क्लाइव आजाद को पकड़ने की योजना बनाता है. हालांकि इसके लिए उसे आजाद जैसे चालाक ठग की जरूरत है. क्लाइव के लिए कानपुर अवध का फिरंगी मल्लाह (आमिर खान) ये काम करने को तैयार होता है. फिरंगी मल्लाह खुद बताता है कि वह कितना कमीना है. इसके बाद फिरंगी की आजाद के साथ एंट्री होती है. संघर्ष, दांव पेच ट्रेलर में नजर आता है. बाद में आमिर भी अंग्रेजों से अलग होते हैं. आमिर अंग्रेजों से अलग कैसे होते हैं, कटरीना की फिल्म में क्या भूमिका है इसका खुलासा फिल्म रिलीज के बाद होगा.

फिल्म पीरियड ड्रामा है. इसमें उस दौर के सीन को बहुत दिलचस्पी से फिल्माया गया है. समुद्री जहाज में कई खतरनाक स्टंट हैं. अमिताभ बच्चन भी लंबे वक्त बाद ऐसे स्टंट करते नजर आते हैं. फातिमा सना शेख को देखना दिलचस्प है. एक सीन में उन्हें तीरंदाजी करते देखना बेहद शानदार है.

जॉनी डेप से प्रेरित है आमिर का किरदार?

वैसे पहले ही कहा जा रहा था कि ये फिल्म पाइरेट्स ऑफ़ द कैरेबियन से प्रेरित है. हालांकि ट्रेलर में ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान की कहानी अलग नजर आ रही है, लेकिन आमिर का किरदार पाइरेट्स ऑफ़ द कैरेबियन के जॉनी डेप से काफी मेल खाता दिख रहा है. फिरंगी मल्लाह का किरदार उतना ही शातिर, हाजिरजवाब और मसखरे वाला है जैसा कि पाइरेट्स ऑफ़ द कैरेबियन में डेप का किरदार था.

Share This News :