Home > राज्यो से ,
आम लोगों को राहत देने में कोताही बर्दाश्त नहीं, चाहे कितना ही बड़ा व्यक्ति हो: वसुन्धरा राजे

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा है कि आमजन को राहत पहुंचाना ही हम सबका ध्येय है। इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चाहे वो कोई भी हो। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों में चल रहे सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों के सत्यापन का काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला कलक्टर्स को यह सुनिश्चित करने को कहा कि अन्नपूर्णा भण्डार योजना के तहत उपलब्ध दैनिक उपभोग की वस्तुओं का बिक्री मूल्य बाजार मूल्य से अधिक नहीं हो।

राजे कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस के पहले दिन उद्घाटन सत्र के बाद विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिवों, प्रमुख शासन सचिवों और सचिवों ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रस्तुतीकरण सत्र की अध्यक्षता कर रही थीं। मुख्यमंत्री ने जिला अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर आकस्मिक निरीक्षण करने और गड़बड़ी पाए जाने पर मामलों को सम्बन्धित विभाग के पास दर्ज कराने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त मुख्य सचिव, सार्वजनिक निर्माण विभाग डी.बी. गुप्ता ने अपने प्रस्तुतीकरण में बताया कि ग्रामीण गौरव पथ के द्वितीय चरण में 1253 करोड़ रुपये के 2086 ग्रामीण गौरव पथ स्वीकृत किए गए हैं, जिनके कार्यादेश शीघ्र जारी हो जाएंगे। प्रदेश में प्रतिदिन औसतन चार गांवों को ग्रामीण गौरव पथ से जोड़ा जा रहा है और प्रतिदिन औसतन 14 किलोमीटर सड़कें बनाई जा रही हैं।

प्रमुख शासन सचिव जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी जे.सी. महान्ति ने अपने प्रस्तुतीकरण में पेयजल परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों में लगाए गए आरओ प्लांट्स की वस्तुस्थिति के बारे में रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

प्रमुख शासन सचिव ग्रामीण विकास और पंचायती राज सुदर्शन सेठी ने जन कल्याण पंचायत शिविर की प्रगति के बारे में जानकारी दी। प्रस्तुतीकरण के दौरान सांसद और विधायक निधि की राशि कम खर्च होने की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि इस मद में सांसद या विधायक की ओर से प्रस्ताव आने पर तकनीकी काम पूरा करने में देरी नहीं की जाए।

वहीं उन्होंने जिला कलक्टर्स को मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना में चयनित ग्राम पंचायतों की विकास सम्बन्धी रिपोर्ट आगामी 31 दिसंबर तक प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए और कहा कि इन ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों की किसी भी समस्या का निस्तारण बकाया न रहे। प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा और स्वास्थ्य वीनू गुप्ता ने भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर की वर्तमान स्थिति पर प्रस्तुतीकरण दिया। मुख्यमंत्री ने मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी लाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। चिकित्सा और स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने आश्वस्त किया कि इनमें सुधार लाने के समुचित प्रयास किये जा रहे हैं, जिनके अच्छे परिणाम आएंगे।

Share This News :