Home > अपना शहर ,
केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर द्वारा 80 लाख रूपए से बनने वाले बण्डा पुल का शिलान्यास

केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने आज वार्ड क्रं.38 में 80 लाख रूपए की लागत से बनने वाले बण्डा पुल का शिलान्यास किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह ने की। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, जीडीए के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, निगम सभापति श्री राकेश माहौर उपस्थित थे।

      केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि बण्डा पुल निर्माण की बहुप्रत्याशित माँग आज पूर्ण हो रही है। सेतु विकास विभाग द्वारा इसका काम जुलाई माह तक पूर्ण कर लिया जायेगा। इसके पूर्ण होने से आस-पास के क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के नालों को पक्का करने की नगर निगम कार्ययोजना तैयार करे। इसमें केन्द्र सरकार और मध्यप्रदेश सरकार से हर संभव सहयोग मुहैया कराया जायेगा। श्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर शहर स्मार्ट सिटी और अमृत परियोजना में शामिल हो गया है। आने वाले दिनों में लोगों को विकास के कई बड़े कार्य और मूलभूत सुविधायें मुहैया होने लगेंगीं। आने वाले कल में ग्वालियरवासी भी गर्व से कह सकेंगे कि हम स्मार्ट सिटी ग्वालियर के निवासी हैं।

      श्री तोमर ने कहा कि नगर निगम और शासन द्वारा विकास के अनेक कार्य किए गए हैं। विकास निरंतर प्रक्रिया है और विकास की कई बड़ी परियोजनायें स्वीकृति के कगार पर हैं, जिनके परिणाम शीघ्र ही हमें देखने को मिलेंगे। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह द्वारा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिये निरंतर किए गए प्रयासों की सराहना की।

पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि इस पुल के निर्माण के लिये बहुत दिनों से प्रयास किए जा रहे थे। इस पुल के बन जाने से आस-पास के लोगों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं गंदगी से भी निजात मिलेगी। बरसात के दिनों में क्षेत्र की जनता को होने वाली समस्या से अब स्थायी निजात मिल सकेगी। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि कच्चे नालों को पक्का करने की कार्ययोजना भी निगम तैयार करे, ताकि क्षेत्र के निवासियों को गंदगी से स्थायी रूप से निजात मिल सके।

महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह के प्रयास से कई विकास के कार्य हुए हैं। निगम द्वारा भी इस विधानसभा क्षेत्र में विकास के अनेक कार्यों को पूर्ण किया गया है। बहुप्रतीक्षित इस पुल के बन जाने से लोगों को बड़ी सुविधा उपलब्ध होगी। निगम द्वारा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के सभी कच्चे नालों को पक्का करने की कार्ययोजना शीघ्र तैयार की जायेगी। इस कार्य में प्रदेश सरकार और केन्द्र सरकार से भी सहयोग प्राप्त हो, इसके लिये केन्द्रीय मंत्री के सहयोग की अपेक्षा है।

कार्यक्रम में वार्ड क्रं.38 के पार्षद एवं निगम सभापति श्री राकेश माहौर ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने वार्ड क्रं.38 और 49 की जनता की ओर से इस पुल के निर्माण के लिये सभी का धन्यवाद और आभार ज्ञापित किया।

Share This News :