Home > अपना शहर ,
दिव्यांगों को मोटराईज्ड ट्राईसकिल वितरण में सांसद एवं विधायक निधि के साथ ही निगम भी करेगा सहयोग

केन्द्र सरकार की एडिप योजना के तहत 20 दिव्यांगों को मोटराईज्ड ट्राईसकिल वितरित

केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि दिव्यांगों को मोटराईज्ड ट्राईसकिल का वितरण योजना के तहत ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र के सभी दिव्यांगों को ट्राईसकिल वितरित कराई जायेगी। इसके लिये केन्द्र सरकार की एडिप योजना के तहत धनराशि उपलब्ध कराई जाती है।  20 प्रतिशत राशि सांसद निधि, महापौर निधि और विधायक निधि से उपलब्ध कराई जायेगी। लोकसभा क्षेत्र में 80 प्रतिशत से अधिक विकलांगता वाले एक भी व्यक्ति इस मोटराईज्ड ट्राईसकिल से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए। यह बात आज श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने ग्वालियर के पागनबीसी उ.मा. विद्यालय में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार और सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मध्यप्रदेश शासन की एडिप योजना के तहत दिव्यांगों को मोटराईज्ड ट्राईसकिल वितरण समारोह में कही।

      कार्यक्रम में महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, क्षेत्रीय विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह, विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, नगर निगम के पूर्व सभापति श्री बृजेन्द्र सिंह जादौन, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय श्री कबीरपंथी, क्षेत्रीय पार्षद श्री सुरजीत सिंह सहित पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित थे।

      केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि केन्द्रीय योजना एडिप के तहत 20 दिव्यांगों को आज मोटराईज्ड ट्राईसकिल वितरित की गई हैं। इसमें विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह द्वारा प्रति दिव्यांग 17 हजार रूपए के मान से 3 लाख 40 हजार रूपए की राशि विधायक निधि से प्रदान की है। उन्होंने कहा कि विधायक निधि के साथ ही पूरे लोकसभा क्षेत्र में दिव्यांगों को ट्राइसकिल मिले, इसके लिये पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दिव्यांगों को चिन्हित करने का कार्य किया जाए। दिव्यांगों को योजना के तहत ट्राईसकिल वितरण में जो राशि की आवश्यकता पड़ेगी, उसकी पूर्ति सांसद निधि, विधायक निधि एवं महापौर निधि से की जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार एवं मध्यप्रदेश की सरकार दिव्यांगों के कल्याण हेतु कई योजनायें संचालित कर रही हैं। दिव्यांगों को मोटराईज्ड ट्राईसकिल वितरण के साथ-साथ उन्हें व्यवसायिक गतिविधियों से भी जोड़ा जाए, इसके प्रयास होना चाहिए। ताकि वह आर्थिक रूप से भी सक्षम बन सकें।

महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि दिव्यांगों की मदद समाज के हर व्यक्ति को करना चाहिए। दिव्यांग व्यक्तियों को बेहतर रोजगार उपलब्ध हो, इसके प्रयास भी सरकार कर रही है। सभी दिव्यांगों को उनके जीवन को और बेहतर बनाने हेतु जो भी सामग्री की आवश्यकता है, वो उन्हें मिले। इसके लिये निगम स्तर से जो भी सहयोग अपेक्षित होगा, उसे वो अवश्य रूप से पूर्ण करेंगे।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि केन्द्र सरकार की योजना के तहत विधायक निधि का सहयोग प्रदान कर 20 दिव्यांगों को सहयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही 20 अन्य लोगों को सहयोग हेतु विधायक निधि से धनराशि मुहैया करा दी गई है। उन्होंने कहा कि एडिप योजना के तहत दिव्यांग की 80 प्रतिशत विकलांगता अनिवार्य रखी गई है। इसको कम करने पर विचार किया जाना चाहिए। इसके लिये केन्द्रीय मंत्री से आग्रह है कि वे अपने स्तर से प्रयास कर इसे कम कराएँ, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस योजना का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम के प्रारंभ में संयुक्त संचालक पंचायत एवं समाज सेवा श्री कबीरपंथी ने बताया कि कार्यक्रम में 20 दिव्यांगों को मोटराईज्ड ट्राईसकिल वितरित की जा रही हैं। इसमें 10 हितग्राही दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के तथा 5 – 5 हितग्राही डबरा एवं ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के हैं। अन्य हितग्राहियों का भी चयन कर वितरण की कार्रवाई प्रचलन में है, जिन्हें शीध्र की वितरित की जायेंगी।

Share This News :