Home > अपना शहर ,
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की नियुक्ति के चयन मापदण्ड जारी मैरिट से ही होगा सिलेक्शन : हो सकेंगी दावा-आपत्ति

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका की नियुक्त प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतने के लिये मैरिट हेतु नियत मापदण्ड सभी परियोजना कार्यालयों में सूचना पटल में चस्पा कर मैरिट गणना विधि को भी आवेदकों की सहूलियत के लिये कार्यालय के बाहर प्रदर्शित करने के निर्देश देते हुए सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की अध्यक्षता में चयन समति की बैठक कर समय-सीमा में विधिवत नियुक्ति पूर्ण करने की हिदायत दी है।

      जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बृजेश त्रिपाठी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 120 नवीन आंगनबाड़ी केन्द्र तथा 30 मिनी आंगनबाड़ी केन्द्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका प्रति केन्द्र एक-एक पद की नियुक्ति प्रक्रिया बाल विकास परियोजना कार्यालयों में प्राप्त आवेदनों की मैरिट के आधार पर प्रचलन में है। प्राप्त सभी आवेदनों की मैरिट बनाने के लिये जो प्रावधान निर्धारित किए गए हैं, उनमें जिस वार्ड/राजस्व ग्राम में आंगनबाड़ी केन्द्र स्वीकृत हैं उसी वार्ड की निवासी महिला आवेदिका के लिये अंकों की गणना कार्यकर्ता के लिये न्यूनतम हायर सेकेण्ड्री (10+2/11वीं बोर्ड) में 40 प्रतिशत तक 25 अंक एवं 40 प्रतिशत से अधिक प्रत्येक 2 प्रतिशत पर एक अंक, स्नातक पर 10 अंक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिये 5 अंक, बीपीएल परिवार के लिये 10 अंक, विधिवा परित्यकता तलाकशुदा महिला अथवा 30 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहिता महिला के लिये 10 अंक, आंगनबाड़ी केन्द्रों की सहायिका/मिनी आंगनबाड़ी केन्द्रों की कार्यकता, शिशु शिक्षा केन्द्र की दीदियां, पूर्व में शहरी क्षेत्र में संचालित पोषण आहार केन्द्रों पर कार्यरत पोषण आहार संगठिकाओं, पूर्व में अन्य स्थान पर कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में 5 वर्ष कार्य का अनुभव। (उक्त लाभ केवल उन्हीं आवेदिकाओं को दिया जायेगा, जिन्हें शिकायत के आधार पर हटाया न गया हो), 10 अंक। इसी प्रकार आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिये 5वीं कक्षा में 40 प्रतिशत तक 30 अंक एवं 40 प्रतिशत से अधिक अंक पर प्रत्येक प्रतिशत पर 2 अंक, अनुसूचित जाति, जनजाति के 10 अंक, बीपीएल के 10 अंक, विधवा परित्यकता तलाकशुदा महिला अथवा 30 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिला के लिये 10 अंक निर्धारित किए गए।

      उल्लेखनीय है कि इस मैरिट की गणना में उन्हीं को पात्र माना जायेगा, जिनकी न्यूनतम उम्र 18 वर्ष  और अधिकतम उम्र 45 वर्ष है। आयु की गणना 01 जनवरी 2016 की तिथि से की जायेगी। निवास के लिये ग्राम, नगरीय क्षेत्र के वार्ड में स्थायी निवासी के प्रमाण-पत्र के लिये राशन कार्ड संबंधित ग्राम, नगरीय क्षेत्र के वार्ड की मतदाता सूची, बीपीएल सूची में महिला का नाम दर्ज होना चाहिए अथवा अविवाहित महिला होने पर उसके माता-पिता का नाम तथा विवाहित महिला होने, उसके पति का नाम दर्ज होना चाहिए। उक्त दोनों बिंदु भी उपलब्ध नहीं है तो एसडीएम, तहसीलदार द्वारा प्रमाण-पत्र को स्थायी निवास हेतु उपयोग लिया जा सकता है।

      जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बृजेश त्रिपाठी ने सभी आवेदिकाओं से अपील की है कि नियुक्ति प्रक्रिया नियमानुसार मैरिट की जायेगी तथा यदि किसी आवेदक को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा जारी अनंतिम सूची पर कोई दावा-आपत्ति है तो वह अपनी दावा-आपत्ति सूची जारी होने के सात दिवस के भीतर परियोजना कार्यालय, जिला कार्यालय में प्रस्तुत कर सकेंगी। दावा-आपत्ति का निराकरण मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जायेगा। यदि आवेदिका आपत्ति निराकरण से संतुष्ट नहीं है तो कलेक्टर के समक्ष 10 दिवस में अपील प्रस्तुत कर सकेंगे।

Share This News :