Home > अपना शहर ,
नगर उदय अभियान में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए जिला योजना समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री के निर्देश

जिले के प्रभारी, किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने कहा है कि प्रदेश में नगर उदय अभियान का संचालन किया जायेगा। इस अभियान के तहत सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त हो, यह सुनिश्चित किया जाए। अभियान के तहत शासकीय अमला मैदानी क्षेत्र में उतरकर लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ मुहैया कराए। उन्होंने यह निर्देश आज जिला योजना समिति की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं की समीक्षा तथा विकास कार्यों की चर्चा के दौरान दिए।

      गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई बैठक में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया भी उपस्थित थे। जिला योजना समिति की बैठक में नगर उदय अभियान की समीक्षा के साथ ही कृषि विभाग, जल संसाधन विभाग की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

      प्रभारी मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन ने कहा कि प्रदेशभर में नगर उदय अभियान तीन चरणों में संचालित किया जायेगा। प्रथम चरण में 25 दिसम्बर से 28 दिसम्बर, द्वितीय चरण में 3 जनवरी से 15 जनवरी तथा तृतीय चरण में 20 जनवरी से 05 फरवरी तक यह अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के साथ ही अपात्र लोगों को हटाने की कार्रवाई भी की जाए। इसके साथ ही ग्वालियर जिले की सभी नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों के साथ नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह की उपस्थिति में एक बैठक भी आयोजित की जाए।

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने बैठक में नगर उदय अभियान के तहत की गई तैयारियों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि सभी नगरीय निकायों में नोडल अधिकारी भी बना दिए गए हैं तथा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारियाँ भी की जा रही हैं।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कम वर्षा के पश्चात भी एक लाख 6 हजार 214 हैक्टेयर क्षेत्र में खरीफ की फसलें बोई गईं हैं। किसानों को कम वर्षा में उड़द की फसल लेने हेतु प्रोत्साहित करने के कारण जिले में लक्ष्य से अधिक 6 हजार 171 हैक्टेयर क्षेत्र में उड़द की फसल बोई गई है। रबी कार्यक्रम के तहत भी बोनी का कार्य जारी है। जिले में 85 हजार 274 हैक्टेयर क्षेत्र में बोनी की गई है। किसानों को खाद बीज की उपलब्धता कराई जा रही है। खाद बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिले के किसानों को बालाघाट में अपनाई जा रही धान उत्पादन की आधुनिक तकनीक से अवगत कराने हेतु भ्रमण कार्यक्रम भी बनाया जा रहा है।

बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसेन ने निर्देश दिए कि किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का अधिक से अधिक लाभ उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए। मैदानी अमले को निर्देशित किया जाए कि वह फसल बीमा के संबंध में किसानों को अधिक से अधिक जानकारी दे। कृषि मंत्री ने बताया कि शासन द्वारा शीघ्र ही पटवारियों को टैबलेट भी मुहैया कराए जा रहे हैं। जिले में सिंचाई योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में बताया गया कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत ग्रामीण विकास एवं जल संसाधन विभाग के सहयोग से योजना तैयार कर हर खेत को पानी, खेत का पानी खेत में तथा सिंचाई साधनों तालाब, नहरों का रिनोवेशन तथा पानी कनेक्शन के क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है। आत्मा समितियों द्वारा कृषक एंव स्टाफ प्रशिक्षण कराया जाकर सिंचाई जल का समुचित एवं बेहतर उपयोग तथा फसलों की पैदावार में वृद्धि और कृषकों की आय को दोगुना करने के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। जिले की सिंचाई योजना 2016-17 से प्रारंभ की जाकर 2021-22 अत: 6 वर्षीय योजना तैयार की गई है, जिसमें राशि 689.88 करोड़ का प्रावधान रखा गया है। वित्तीय वर्ष 2016-17 में कृषि विभाग हेतु 43.83 लाख का प्रावधान है।

बैठक में हिम्मतगढ़, रायपुर, रमौआ, वीरपुर व हनुमान इत्यादि पुराने तालाबों को भरने की संभावना तलाशने पर भी जोर दिया गया। इन बांधों के भर जाने से जल स्तर में इजाफा होगा। साथ ही किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेंगी।

प्रभारी मंत्री ने बैठक में 50 लाख से ऊपर के विकास कार्यों की चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि विकास कार्यों में समय और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही लोगों को मूलभूत सुविधायें समय पर उपलब्ध हों, यह सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यदव, विधायक सर्वश्री नारायण सिंह कुशवाह, भारत सिंह कुशवाह, लाखन सिंह यादव, श्रीमती इमरती देवी, जीडीए के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, जिला योजना समिति के सदस्यगण उपस्थित थे। इसके साथ ही कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, पुलिस अधीक्षक श्री हरिनारायणचारी मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Share This News :