Home > अपना शहर ,
दासबोध ग्रंथ के हिंदी अनुवाद का लोकार्पण समारोह सम्पन्न

राष्ट्रगुरू समर्थ रामदास स्वामी रचित मराठी ग्रंथ दासबोध के हिंदी अनुवाद ग्रंथ का लोकार्पण आज परमपूज्य गोविंददेवगिरि महाराज की विशेष उपस्थिति में प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने की। समर्थ वंशज सज्जनगढ़ श्री बालासाहेब स्वामी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

      आवा माहाराज श्रीराम मंदिर दालबाजार एवं सहयोगी श्रावण मास कीर्तन सत्र संस्थान द्वारा नाट्य मंदिर दाल बाजार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि दासबोध ग्रंथ का हिंदी अनुवाद होने से हिंदी भाषी लोगों के लिये यह ग्रंथ उपयोगी होगा। इस ग्रंथ के अध्ययन से लोग भारत की संस्कृति को और अधिक जान सकेंगे तथा उससे प्रेरणा प्राप्त कर सकेंगे।

      कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महापौर श्री विवेक शेजवलकर ने कहा कि मराठी में लिखित दासबोध का अनुवादन डॉ. मानस मनोहर दुबे ग्वालियर द्वारा किया गया है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिये उनकी जितनी प्रशंसा की जाए, उतनी कम है। इस ग्रंथ के हिंदी अनुवाद से यह आम लोगों के लिये और उपयोगी और सार्थक सिद्ध होगा।

      कार्यक्रम में गोविन्ददेवगिरि महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति को जानने के लिये अगर केवल दासबोध का ही अध्ययन कर लिया जाए, तो पूरी भारतीय संस्कृति को जाना जा सकता है। दासबोध ग्रंथ भारतीय संस्कृति की पूँजी है। इसका अध्ययन हम सभी को करना चाहिए। उन्होंने इस ग्रंथ को भारतीय संस्कृति का दर्पण भी कहा। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही हिंदी में अनुवादित दासबोध ग्रंथ का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में सभी समाजों के संत एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Share This News :