Home > अपना शहर ,
नगर निगम ने शहर की सभी 192 प्राथमिक शालाओं को उपलब्ध कराया फर्नीचर

अगले वित्तीय वर्ष में 100 माध्यमिक शालाओं की जरूरतों के लिये निगम देगा ढ़ाई करोड़

कलेक्टर और आयुक्त ने किया विद्यालयों का निरीक्षण

प्रदेश में सर्वप्रथम ग्वालियर नगर निगम द्वारा सभी 192 प्राथमिक शालाओं में शिक्षा उपकर की राशि 2 करोड़ 60 लाख रूपए से अधोसंरचना विकास के विभिन्न कार्य कराए गए हैं। इस प्रक्रिया में शहरी क्षेत्र की शतप्रतिशत शालाओं को फर्नीचर उपलब्ध हो गया है। इसी क्रम में अगले वित्तीय वर्ष में ग्वालियर शहर की सभी 100 माध्यमिक शालाओं को शिक्षा उपकर के लगभग ढ़ाई करोड़ रूपए की राशि से सुव्यवस्थित किया जायेगा। यह जानकारी कलेक्टर डॉ. संजय गोयल को शहरी क्षेत्र की शालाओं के निरीक्षण के दौरान आयुक्त नगर निगम श्री अनय द्विवेदी द्वारा उपलब्ध कराई गई।

      कलेक्टर डॉ. गोयल ने आयुक्त नगर निगम के साथ-साथ जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रकाश जोशी सहित नगर निगम अमले के साथ ग्वालियर शहर के विद्यालय शासकीय उ.मा. विद्यालय क्रं.2 बारादरी मुरार, शासकीय प्राथमिक विद्यालय मुरार क्रं.1, शासकीय प्राथमिक विद्यालय क्रं.1, शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रं.1, शासकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय तिकोनिया, शासकीय कन्या उ.मा. विद्यालय ठाठीपुर, शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय ठाठीपुर, शासकीय प्राथमिक विद्यालय ठाठीपुर का निरीक्षण किया तथा विद्यालय में नगर निगम द्वारा कराए गए कार्यों व विद्यालय की आवश्यकताओं के संबंध में स्टाफ से चर्चा की।

      डॉ. संजय गोयल ने कहा कि शहरी क्षेत्र के विद्यालयों को निजी क्षेत्र के विद्यालयों के साथ प्रतिस्पर्धा में अव्वल आने के लिये आवश्यक है कि इन विद्यालयों का रख-रखाव बेहतर ढंग से किया जाए। साथ ही पढ़ाई की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों को शिक्षा उपकर के रूप में प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग स्कूलों की छोटी-छोटी जरूरतों के तहत विद्युत बिल, साफ-सफाई पर होने वाला व्यय, शुद्ध पेयजल, फर्नीचर क्रय और मरम्मत, पार्कों को विकसित करना और उनकी देखरेख पर होने वाला व्यय की पूर्ति के लिये किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्वालियर नगर निगम द्वारा गत एक वर्ष में इस क्षेत्र में बेहतर प्रयास किए गए हैं। जिससे स्कूलों की दशा में परिवर्तन आया है। डॉ. गोयल ने जिला शिक्षा अधिकारी को सभी माध्यमिक विद्यालयों की जरूरत के अनुसार मांग पत्र तैयार करने के निर्देश दिए।

      उन्होंने निरीक्षण के दौरान शासकीय उ.मा. विद्यालय क्रं.2 में टूटे हुए फर्नीचर की मरम्मत कराने, कैम्पस की सफाई के लिये नगर निगम द्वारा अमला तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय के प्रवेश द्वार पर लोड़िंग वाहनों तथा वाउण्ड्रीवॉल के समीप के अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही शासकीय प्राथमिक विद्यालय कन्या क्रं.1 की टूटी वाउण्ड्रीवॉल को तुरंत ठीक कराने और कच्चे मैदान पर सीमेंट कंक्रीट का फर्श कराने के निर्देश दिए। इसके बाद शासकीय कन्या उ.मा. विद्यालय ठाठीपुर के भ्रमण के दौरान उन्होंने विद्यालय के मुख्य द्वार पर लोहे का गेट लगाने, विद्यालय परिसर की सफाई के लिये सफाई कर्मियों की व्यवस्था और परिसर में हेलोजन लाईट लगाने के निर्देश भी दिए।

शा.प्रा.वि. ठाठीपुर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश

      शासकीय प्राथमिक विद्यालय ठाठीपुर के पुराने भवन पर मोहल्लेवालों द्वारा अतिक्रमण की शिकायत पर कलेक्टर डॉ. गोयल ने लोक निर्माण विभाग से विद्यालय की भूमि का नक्शा प्रस्तुत करने तथा एसडीएम मुरार श्री गणेश जायसवाल को भवन की पैमाइश कर अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। आयुक्त नगर निगम द्वारा भी अतिक्रमण करने वालों की भवन अनुज्ञा की जाँच और सम्पत्ति कर जमा करने की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश जोनल अधिकारी को मौके पर ही दिए।

बेहतर स्वच्छता और उत्तम अधोसंरचना वाले विद्यालयों को पुरस्कृत किया जायेगा

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि स्कूल परिसर के साथ-साथ बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने और उसे बनाए रखने वाले विद्यालयों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नगर निगम के माध्यम से पुरस्कृत किया जायेगा। इस प्रोत्साहन योजना के तहत जिले में सबसे स्वच्छ और सुंदर दिखने वाले विद्यालयों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 15 लाख रूपए, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 10 लाख रूपए तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 5 लाख रूपए की राशि प्रदान की जायेगी। इस राशि का उपयोग विद्यालय के सुंदर और स्वच्छ बनाने में किया जा सकेगा। इसी प्रकार प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर स्तर के विद्यालयों को उनकी कैटेगिरी में भी प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जायेंगे। जिनमें प्रथम स्थान पाने वाले को 5 लाख, द्वितीय स्थान वाले को 2 लाख और तृतीय स्थान पाने वाले को एक लाख रूपए की राशि प्रदान की जायेगी। डॉ. गोयल ने इस पुरस्कार योजना के विस्तृत दिशा-निर्देश तैयार करने की जिम्मेदार आयुक्त नगर निगम और जिला शिक्षा अधिकारी को प्रदान की।

महलगाँव पहाड़ी को भी ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित किया जायेगा

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने आयुक्त नगर निगम के साथ महलगाँव पहाड़ी पर स्थित कर्मचारी आवास कॉलोनी में वर्ष 2013-14 में कराए गए वृहद वृक्षारोपण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने वृक्षारोपण को सुरक्षित रखने के लिये इसके चारों ओर वाउण्ड्रीवॉल या फैंसिंग किए जाने और शहरवासियों को मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक के लिये पाथ-वे तैयार कराने के निर्देश भी दिए।

आयुक्त श्री द्विवेदी ने बताया कि इस पहाड़ी पर लगभग 27.5 बीघा क्षेत्र में 10 हजार पौधे लगाए गए हैं। नगर निगम द्वारा एक सामुदायिक भवन भी बनाया गया है। उन्होंने पाथ-वे के लिये प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश मौके पर ही उपायुक्त श्री एपीएस भदौरिया को दिए।

  

Share This News :