Home > अपना शहर ,
मेले की 95 प्रतिशत दुकानों का हुआ आवंटन

अपर आयुक्त ने ली संबंधित अधिकारियों की बैठक

निर्धारित तिथि पर मेला शुरू कराने के लिये तैयारियाँ जारी

निर्धारित तिथि पर मेला शुरू कराने के लिये ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा तैयारियाँ जारी हैं। इस सिलसिले में अपर आयुक्त श्री डी डी अग्रवाल ने बुधवार को मेले की व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में बताया गया कि मेले की 95 प्रतिशत दुकानें निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद आवंटित की जा चुकी हैं। साथ ही दुकानदारों से निर्धारित तिथि से पहले हर हाल में दुकानें लगाने के लिये कहा गया है।

      राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार इस साल भी श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला 16 दिसम्बर से 31 जनवरी तक लगाया जायेगा। मेला कार्यालय के सभागार में हुई बैठक में अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा व मेला सचिव श्री शैलेन्द्र मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

अपर आयुक्त श्री अग्रवाल ने बैठक में निर्देश दिए कि ऐसे प्रयास किए जाएँ, कि जिस प्रकार की दुकानों के लिये सेक्टर निर्धारित है, उसी से संबंधित दुकानें लगें। साथ ही मेले की व्यवस्थाओं से संबंधित ठेकेदार मनमानी से सैलानियों व दुकानदारों को तकलीफ नहीं होनी चाहिए। इसके लिये ठेकेदारों को साफ तौर पर आगाह कर दें कि यदि उनकी ओर से कोई दिक्कत आई तो दूसरे ठेकेदार से उसी दर पर काम कराया जायेगा।

मेला सचिव श्री मिश्रा ने बताया कि संबंधित शासकीय एवं अर्द्धशासकीय विभागों के अधिकारियों को भी मेला शुरू होने की तिथि से पहले प्रदर्शनी व स्टॉल लगाने के लिये लिखित में सूचित कर दिया गया है। इसी तरह दुकानदारों को भी समय से दुकानें सजाने-सवारने के लिये स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। श्री मिश्रा ने बताया गया कि मेले के इलेक्ट्रोनिक सेक्टर की 184 दुकानों में से 116 दुकानों का आवंटन किया जा चुका है और संबंधित दुकानदारों द्वारा निर्धारित शुल्क भी जमा कर दिया गया है। इलेक्ट्रोनिक सेक्टर में इनके अलावा 50 अन्य दुकानदारों ने भी आवेदन किए हैं, इन सभी के लिये शुल्क जमा करने की 25 नवम्बर की तिथि निर्धारित है।

मेले की व्यवस्थाओं से संबंधित खास बातें

  • मेला परिसर में सैलानियों की सुविधाओं के लिये वाटर एटीएम लगाने के प्रयास।
  • मेला परिसर में नि:शुल्क वाई-फाई की सुविधा के लिये प्राधिकरण प्रयासरत।
  • सैलानियों की सुविधा के लिये एचडीएफसी एवं बैंक ऑफ बड़ोदा लगायेंगे एटीएम।
  • सैलानियों को शहर के प्रमुख प्वाइंटों से परिवहन के लिये वाजिब किराए पर मिलेंगे ई-रिक्शा।
  • सम्पूर्ण मेला परिसर के चप्पे-चप्पे पर सीसीटीव्ही कैमरे से रहेगी नजर।
  • गत वर्ष की भाँति नगर निगम के सहयोग से लागू होगी सफाई व्यवस्था।
  • कवि सम्मेलन, मुशायरा, कब्बाली के साथ-साथ होंगे अन्य बड़े-बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम। दंगल भी होगा।

व्यवस्थाओं से जुड़ीं समितियों की बैठक 29 को

      मेला आयोजन से संबंधित सभी समितियों की बैठक 29 नवम्बर को बुलाई गई है। इस दिन यह बैठक अपरान्ह 4 बजे मेला प्राधिकरण कार्यालय के सभाकक्ष में होगी। समितियों के सभी संयोजकों से अब तक की गईं तैयारियों की जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के लिये कहा गया है।

Share This News :