Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
'घोषणा पत्र के लिए कहां-कहां की रायशुमारी' : तोमर

मध्य प्रदेश में भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और केंद्रीय पंचायतराज व ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने  चुनाव प्रबंधन से जुड़ी कई समितियों की बैठक ली और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। भाजपा कार्यालय में उन्होंने दृष्टि पत्र समिति के अध्यक्ष विक्रम वर्मा से पूछा कि वे अब किन-किन शहरों में रायशुमारी कर चुके हैं और दृष्टि पत्र का प्रारूप कब तक पार्टी को सौंपेंगे। समिति को 24 जगह से सुझाव लेना था, लेकिन अब तक 13 स्थानों से ही सुझाव आया है।इस समिति की बैठक में अध्यक्ष विक्रम वर्मा, रघुनंदन शर्मा और समन्वयक डॉ. दीपक विजयवर्गीय मौजूद थे। कार्यकर्ता महाकुंभ की तैयारियों के बारे में तोमर ने राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, सांसद आलोक संजर, जिलाध्यक्ष सुरेंद्रनाथ सिंह, विधायक रामेश्वर शर्मा और कृष्णा गौर के साथ बैठक की। इसमें महाकुंभ के दौरान कार्यकर्ताओं की संख्या से लेकर उनके भोजन, पंजीयन, पार्किंग सहित सारी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।बैठक में नेताओं ने कहा कि इस बार भी पूरी चाकचौबंद व्यवस्थाएं रहेंगी। जिले की टीम को बुलाया मंगलवार को पार्टी ने सभी जिलों के जिला कार्यालय मंत्री कोषाध्यक्ष, सोशल मीडिया प्रभारी और मीडिया प्रभारी को बुलाया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह, संगठन महामंत्री सुहास भगत चुनावी तैयारियों को लेकर इनके साथ बैठक करेंगे।

अर्थ समिति के अध्यक्ष कृष्णमुरारी मोघे से अब तक कूपन से जुटाई गई धनराशि की जानकारी ली। मोघे ने बताया कि 15 अगस्त और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के कारण धनसंग्रह अभियान को पर्याप्त समय नहीं मिल पाया। इसके चलते यह तय किया कि 6 सितंबर को दोबारा अर्थ कमेटी की बैठक बुलाई जाए, जिसमें नए सिरे से शेड्यूल तय कर धन जुटाने का अभियान तैयार किया जा सके।

मोघे ने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार सिर्फ 12 और 13 तारीख को इस महीने विभिन्न् जिलों में धनराशि जुटाने का अभियान चलाया गया था पर अटलजी के निधन से सभी मंत्री धनसंग्रह छोड़कर दिल्ली के निकल गए। दो दिन में अनुमानित दो से ढाई करोड़ रुपए एकत्र हुए हैं। पार्टी ने धन संग्रह के लिए सभी जिलों को दो हजार, एक हजार व पांच सौ रुपए के कूपन प्रदान किए हैं। प्रदेश के सभी जिलों से लगभग 60 करोड़ रुपए की राशि पार्टी को जुटाना है।

Share This News :